IPL 2022 से जुड़ी बड़ी खबर आई सामने, गांगुली ने आयोजन को लेकर की स्थिति स्पष्ट

punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 05:53 PM (IST)

खेल डैस्क : बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पुष्टि की है कि आईपीएल 2022 भारत में रहेगा और महाराष्ट्र में आयोजित किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि आईपीएल के प्लेऑफ मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में करवाए जाएंगे। इसका मतलब है कि पूरा आई.पी.एल. भारत में ही खेला जाएगा। गांगुली ने पुष्टि करते हुए कहा कि लीग मुकाबले महाराष्ट्र - मुंबई, नवी मुंबई और पुणे में होंगे। हालांकि प्लेऑफ के स्थान पर फैसला बाद में किया जाएगा, फिलहाल अहमदाबाद सबसे आगे चल सकता है। 

बीसीसीआई ने कोविड-19 की तीसरी लहर के कारण यूएई और दक्षिण अफ्रीका को स्टैंडबाय वेन्यू के रूप में रखा था। हालांकि, देश में मामले घटने के साथ फें्रचाइजी मालिक भारत में मैचों की मेजबानी करने के इच्छुक थे। वानखेड़े स्टेडियम, डीवाई पाटिल स्टेडियम और पुणे में एमसीए स्टेडियम लीग मैचों की मेजबानी करेगा जबकि अहमदाबाद का मोटेरा स्टेडियम प्लेऑफ की मेजबानी करने के लिए सबसे आगे है।

बताया जा रहा है कि टूर्नामेंट एक ही राज्य में करवाने का निर्णय हवाई यात्रा खत्म करने के लिए लिया गया है। पिछले बार हवाई यात्रा के दौरान खिलाड़ी कोविड-19 पॉजीटिव आ गए थे। वैसे भी मुंबई और पुणे की दूरी ज्यादा नहीं है। खिलाड़ी बस के जरिए ही ट्रैवल कर सकते हैं।बता दें कि आईपीएल 2022 से पहले 11 से 12 फरवरी को मेगा ऑक्शन करवाई जानी है। इसके लिए 500 से ज्यादा खिलाडिय़ों पर 10 फ्रेंचाइजी टीमों की नजर रहेगी। टूर्नामेंट में  इस बार लखनऊ और अहमदाबाद की नई टीमें भी होंगी। बीसीसीआई ने 10 प्लेयरों को मार्की बनाया है जिनपर फ्रेंचाइजी मोटी रकम खर्च करने के लिए तैयार होंगी। 

Content Writer

Jasmeet