IPL 2022 : विकेटकीपरों में ईशान किशन पर रहेगी खास नजर

punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 05:48 PM (IST)

मुंबई : टी20 क्रिकेट में विकेटकीपरों को उनकी कीपिंग की बजाय बल्लेबाजी पर आंका जाता है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करने वाले विकेटकीपर को तो बेशकीमती हीरा माना जाता है। और अगर वह भारतीय हो, तो उसका मोल और भी बढ़ जाता है। टीमों को हमेशा इन मापदंड़ों पर खरे उतरने वाले खिलाड़ियों की तलाश रहती है। यही कारण है कि टीमों ने लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी, ऋषभ पंत, संजू सैमसन और जॉस बटलर जैसे विकेटकीपरों को रिटेन किया है और ये छह खिलाड़ी बड़ी नीलामी में बड़ी रकम के लिए जा सकते हैं। 

इशान किशन : ताबड़तोड़ बल्लेबाज, जो स्पिन के खिलाफ बड़े शॉट लगाता हो और किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी कर सके। अगर 23 वर्षीय किशन इस बड़ी नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक बनते हैं, तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होगी। आईपीएल 2020 में किशन ने सर्वाधिक 30 छक्के लगाए थे। 

2018 में 6 करोड़ 40 लाख रुपए में मुंबई इंडियंस द्वारा खरीदे जाने के बाद से किशन ने उन्हें शीर्ष क्रम में एक बाएं हाथ के बल्लेबाज का विकल्प दिया है। पिछले साल उन्होंने अंतररष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। भले ही मुंबई ने उन्हें रिटेन नहीं किया, किशन को उम्मीद है कि नीलामी में उनपर बड़ी बोलियां लगेगी। पता चला है कि इसलिए उन्होंने दोनों नई टीमों के प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया। 

क्विंटन डिकॉक : वह पिछले तीन आईपीएल में सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। 2018 सीजन के बाद मुंबई एक विदेशी सलामी बल्लेबाज और एक गुणवत्ता वाले विकेटकीपर के लिए बेताब थी, इसलिए उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से 2.8 करोड़ रुपए में डिकॉक को ट्रेड किया। उन्होंने 2019 में मुंबई के लिए सर्वाधिक रन बनाए और अगले साल वह दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। 

उन्होंने लगातार दो सीजनों में 500 से अधिक रन बनाए जो इस प्रतियोगिता में बड़ी उपलब्धि है। मुंबई के साथ अपने तीन सीजन में डिकॉक ने 1329 रन बनाए, जो इस अवधि में उनकी टीम के लिए सर्वाधिक था। वह शायद सीमित ओवर क्रिकेट में विश्व के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं और उन्होंने दक्षिण अफ़्रीका की कप्तानी भी की है। साथ ही तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ तेजी से रन बनाने की क्षमता उन्हें विशेष रूप से घातक बनाती है। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद डिकॉक तरोताजा रहेंगे और पूरे सत्र के लिए उनके उपलब्ध रहने की संभावना है। 

Content Writer

Sanjeev