IPL 2023 : शर्मनाक हार पर बोले Faf du Plessis- कुछ खराब गेंदों से गेम से बाहर हुए

punjabkesari.in Saturday, May 06, 2023 - 11:33 PM (IST)

खेल डैस्क : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मजबूत स्कोर बनाने के बावजूद दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स से हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु की हार के कारणों पर कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने मैच के बाद चर्चा भी की। उन्होंने कहा- मैच में मुझे लगा कि 185 का स्कोर अच्छा है। ओस ने स्पिनरों को खेल से बाहर कर दिया। लेकिन इसका श्रेय दिल्ली के बल्लेबाजों को भी जाता है। आम तौर पर आप खेल में अपने स्पिनरों पर भरोसा करते हैं लेकिन ओस के बावजूद आपको सही क्षेत्रों में गेंदबाजी करने की जरूरत होती है। कुछ खराब गेंदें और कुछ गलतियां, हम गेम से बाहर हो गए। दिल्ली ने वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की।

 


फाफ ने कहा- हमें अंत में जोर लगाना चाहिए था। हमें पहले लगा जैसे 185 का स्कोर ठीक है। लेकिन हमें वहां एक बड़े ओवर की जरूरत थी जो हमें 200 तक ले जाता। अगर ऐसा होता तो इससे फर्क पडऩा था। चौथे नंबर पर मैक्सी (मैक्सवेल) हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हमने सोचा कि हम उसे जल्दी (नंबर 3 पर) ले सकते हैं क्योंकि वह अच्छा खेल रहा है। लेकिन यह दाव सफल नहीं हो पाा। मैं लोमरोर को 5 नंबर पर देखकर वास्तव में बहुत खुश था और वह वास्तव में अच्छा खेला। यहां की पिच धीमी रहती है। अगर आप पहले 6 ओवरों में जोर लगाते हैं तो आप शीर्ष पर पहुंच जाते हैं। 


बता दें कि दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए महत्वपूर्ण मुकाबले को दिल्ली ने फिलिप सॉल्ट (87) की बड़ी पारी की बदौलत 7 विकेट से जीत लिया। आरसीबी ने विराट कोहली, महिपाल लोमरोर के अर्धशतकों की बदौलत चार विकेट खोकर 181 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने वॉर्नर, मार्श और रौसौव के अलावा सॉल्ट की बेहतरीन पारी की बदौलत जीत हासिल कर ली। 

 

रॉयल चॅलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अब आगे की राह मुश्किल हो गई है। वह 10 में से पांच जीत और पांच हार के साथ तालिका में 5वें स्थान पर हैं। पिछले पांच मुकाबलों में यह उनकी दूसरी हार है। अब उनके सामने चार मुकाबले हैं अगर उन्होंने प्लेऑफ के लिए आगे बढऩा है तो मुंबई, राजस्थान, हैदराबाद और गुजरात से टक्कर लेकर उन्हें हराना होगा। 

Content Writer

Jasmeet