IPL 2023 : लखनऊ स्टेडियम में MS Dhoni का हुआ सम्मान, अपने बयान को लेकर आए चर्चा में

punjabkesari.in Wednesday, May 03, 2023 - 11:15 PM (IST)

खेल डैस्क : भारतीय क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले से पहले सम्मानित किया गया। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहला मैच खेलने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने उन्हें सम्मानित किया। धोनी आईपीएल के दिग्गज प्लेयरों में से एक हैं। उन्होंने 243 मैचों में 39.47 की औसत से 5,052 रन बनाए हैं। वह 24 अर्धशतक लगााने के साथ 348 चौके और 237 छक्के लगा चुके हैं।

 


आईपीएल के इस सीजन में भी धोनी का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदानों पर पहुंच रहे हैं। धोनी इस सीजन में अपने बल्ले का जलवा भी दिखा रही है। उन्होंने अब तक 9 मैचों में 74 की औसत से 74 रन बनाए हैं। इसमें 8 छक्के भी शामिल हैं। कई क्रिकेट फैंस मानते हैं कि धोनी के लिए यह आईपीएल का आखिरी सीजन हो सकता है लेकिन स्टार बल्लेबाज ने लखनऊ के खिलाफ मुकाबले से पहले टॉस के साथ इससे इंकार कर दिया। 

 


दरअसल, एंकर डैनी मॉरिसन ने उनसे पूछा था कि क्या वह अपना आखिरी सीजन इन्जॉय कर रहे हैं। इस पर धोनी ने उन्हें कहा कि यह सिर्फ आप कह रहे हैं कि यह आखिरी है। मैं नहीं। यानी धोनी अभी भी रिटायरमैंट के मूड में नहीं दिख रहे हैं। 

 

 

धोनी ने पिछले सीजन की शुरूआत में ही कप्तानी छोड़ दी थी ताकि नई प्रतिभा को बतौर कप्तान तैयार किया जाए। इस दौरान रविंद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी गई लेकिन वह बुरी तरह से विफल रहे। इसके बाद धोनी को बीच सीजन में दोबारा कप्तानी दे दी गई। हालांकि धोनी सीएसके को उस सीजन में जितवा नहीं पाए लेकिन उन्होंने बढिय़ा क्रिकेट खेलकर सबका दिल जीत लिया था। 

 

 

वहीं, लखनऊ के खिलाफ मुकाबले की बात करें तो धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। दीपक चाहर, आकाश सिंह टीम में वापस आए। लखनऊ की ओर से क्रुणाल पांड्या ने कप्तानी संभाली क्योंकि नियमित कप्तान केएल राहुल चोटिल हैं। मैच में बारिश हो गई तब तक लखनऊ आयुष बदोनी के अर्धशतक की बदौलत 7 विकेट पर 125 रन बना पाई थी। इसके बाद मैच शुरू नहीं हो पाया।

Content Writer

Jasmeet