IPL 2023 : सैम कुरैन के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड, पहले था जसप्रीत बुमराह के नाम

punjabkesari.in Thursday, May 18, 2023 - 12:27 AM (IST)

खेल डैस्क : धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली द्वारा बड़ा स्कोर बनाने के पीछे 2 बड़ी वजह रहीं। एक- पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज सैम कुरैन जोकि पंजाब की लुटिया डुबाते हुए दिख रहे हैं। कुरैन आई.पी.एल. इतिहास में बतौर मुख्य गेंदबाज पावरप्ले में बिना विकेट लिए सबसे ज्यादा गेंद फैंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जसप्रीत बुमराह के नाम पर था।

 

बुमराह ने 2014 सीजन में 15 ओवर बिना विकेट लिए फैंके थे। कुरैन के नाम अब 18 ओवर हो गए हैं लेकिन विकेट उनकी झोली में नहीं गिरा। इस लिस्ट में उमेश यादव और संदीप शर्मा का भी नाम है। इसी सीजन में उमेश यादव भी बिना विकेट लिए 14 ओवर फैंक चुके हैं। आंकड़े साफ है- इस सीजन में पंजाब के खराब प्रदर्शन का कारण सैम माने जा सकते हैं। सीजन की बात की जाए तो सैम 13 मुकाबलों में 9 विकेट ही ले पाए हैं। उनकी इकोनमी भी 10.11 चल रही है जोकि काफी खराब मानी जा सकती है। 

 


मैच की बात करें तो लियाम लिविंगस्टोन की शानदार पारी के बावजूद धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 15 रन से हार झेलनी पड़ी। दिल्ली ने पहले खेलते हुए डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ और रिले रौसोव की पारियों की बदौलत 213 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी पंजाब की ओर से केवल लिविंगस्टोन और अर्थव तायड़े का ही बल्ला चला। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 33 रन बनाने थे, लिविंगस्टोन ने कुछ बड़े शॉट भी लगाए लेकिन पंजाब लक्ष्य तक पहुंच नहीं पाई।

 


पंजाब इस हार के साथ ही प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गया है। धर्मशाला में दिल्ली के खिलाफ मुकबाले में कप्तान धवन की नीतियों का भी विरोध हुआ। पंजाब ने अपने सबसे अच्छे पावरप्ले गेंदबाज अर्शदीप सिंह को शुरूआत में गेंद नहीं करवाई। रौसोव के खिलाफ अर्शदीप का प्रदर्शन अच्छा रहता है लेकिन वहां पंजाब के स्टार को गेंद नहीं दी गई। इसके अलावा स्पिनर हरप्रीत बराड़ को मिडिल ओवर में इस्तेमाल नहीं किया गया। बराड़ से आखिरी ओवर भी करवाई गई। 

Content Writer

Jasmeet