IPL के बीच आई बड़ी खबर, इस भारतीय क्रिकेटर पर लगा छेड़छाड़ का आरोप, दर्ज हुई शिकायत

punjabkesari.in Wednesday, Apr 05, 2023 - 10:16 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : वैसे तो दुनियाभर से कई बल्लेबाज आईपीएल में रन बरसाने का मजा उठा रहे हैं, लेकिन इस बीच दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए बुरी खबर सामने आई है। उनके ऊपर एक मॉडल ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। यह वही माॅडल है जो पिछले कुछ समय पहले पृथ्वी शाॅ के साथ एक होटल के बाहर विवाद के बाद चर्चा में आई थी। मॉडल सपना गिल ने शॉ के खिलाफ मुंबई में एक शिकायत दर्ज कराई गई है। 

सपना गिल ने अपनी शिकायत में पृथ्वी शॉ और उनके दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव को आरोपी बनाया है। उसने छेड़छाड़ का आरोप लगाया, साथ ही सरकारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट भी शामिल की है। शॉ के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 509 और 324 के तहत शिकायत दर्ज की गई है। 

सपना गिल ने इसके साथ ही मुंबई पुलिस के अधिकारी सतीश कवंरकर और भगवत गरांदे के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि इन दोनों पर अपनी काम सही तरीके से नहीं करने का आरोप लगाया गया है। अब इन दोनों मामलों पर सुनवाई 17 अप्रैल को होगी। 

आखिर  क्या है मामला?

बता दें कि शॉ अपने दोस्तों के साथ फरवरी में एक होटल में खाना खाने गए थे, जहां उनका सपना गिल के साथ उनका विवाद हो गया था। शॉ और सपना गिल के बीच हुई बहस व हाथापाई का वीडियो भी सामने आया था। मामले पर पृथ्वी शॉ के वकील ने कहा था कि सपना गिल शॉ के साथ सेल्फी लेना चाहती थीं, लेकिन शॉ ने सेल्फी लेने से मना कर दिया। इसके बाद सपना ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बाद में क्रिकेटर से बहस की। शॉ के कहने पर पुलिस ने सपना गिल सहित आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।  सपना गिल ने भी पृथ्वी शॉ के खिलाफ कई आरोप लगाए थे और पहले भी मामला दर्ज कराया था, लेकिन अब सपना गिल ने नई शिकायत दर्ज कराई है।

News Editor

Rahul Singh