IPL 2024 : आंकड़ों के असली बॉस हैं ये क्रिकेटर, तय करेंगे टीमों के लिए जीत-हार

punjabkesari.in Thursday, Mar 21, 2024 - 11:46 PM (IST)

नई दिल्ली : आई.पी.एल. 2024 में भले ही स्टार प्लेयरों पर सबकी नजरें रहेंगी लेकिन कुछ प्लेयर ऐसे भी हैं जिन्होंने पिछले सीजन के बाद मजबूत आंकड़े देकर चर्चा बटोरी है। कुलदीप, मैक्सवेल, केएल राहुल, सूर्यकुमार जैसे प्लेयर अपनी फ्रैंचाइजी के लिए इस साल जीत-हार तय करते नजर आएंगे। चारों खिलाड़ियों अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह सीजन वैसे भी खास है क्योंकि इसी में प्रदर्शन के आधार पर ही उनके लिए आगामी टी20 विश्व कप के लिए टीम का राह खुलेगा।

 

 


ग्लेन मैक्सवेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे विश्व कप में नाबाद 201 रन की पारी खेलकर मैक्सवेल ने सबको हैरान कर दिया था। वह यही नहीं रुके, इसके बाद बिग बैश लीग में शतक लगाए। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शतक लगाया। वह पिछले आई.पी.एल. के बाद से शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 184 की स्ट्राइक रेट से 400 रन बनाए हैं। वह टी20ई में हर 3.1 गेंदों पर एक चौका लगाने में सफल रहे हैं। हाल ही में समाप्त हुई बिग बैश लीग 2023-24 में मैक्सवेल ने 243 रन बनाए, जिनमें से 186 रन बाउंड्री के जरिए आए। टूर्नामैंट में उनका 174 का स्ट्राइक रेट केवल लॉरी इवांस के 190 (न्यूनतम 20 गेंदों का सामना) से बेहतर था। इसी तरह यह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराऊंडर गेंद से भी अच्छा रहा है। उनके टी20 करियर में इकॉनमी 7.98 है। विश्व कप में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था ऐसे में बेंगलुरु उनका इस्तेमाल कर सकती है।

 

कुलदीप यादव (दिल्ली कैपिटल्स)
राष्ट्रीय टीम में अपने प्रदर्शन से भरोसा जताने वाले कुलदीप से इस आई.पी.एल. में करिश्मे की उम्मीद है। एशिया कप 2023 में उन्होंने 11.4 के प्रभावशाली औसत से 9 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता था। उन्होंने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ दोनों सुपर-4 मैचों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और क्रमशः 5/25 और 4/43 के आंकड़े दिए। वनडे विश्व कप में वह भारत के फाइनल तक के सफर में 15 विकेट लेने में सफल रहे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 में 5/17 के आंकड़े देखकर उन्होंने अपनी फॉर्म के चरम पर होने का सबूत दिया। वनडे विश्व कप के बाद तीनों फॉर्मेट में प्रदर्शन की बात की जाए तो कुलदीप 47 पारियों में 83 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं। उनसे ऊपर जोश हेजलवुड (86) और रविंद्र जडेजा (85) बने हुए हैं। दिल्ली के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग पहले ही उन्हें एक्स फैक्टर मान चुके हैं।

 

 

केएल राहुल (लखनऊ सुपरजायंट्स)
आई.पी.एल. में रनों का अंबार लगाने के लिए के.एल. राहुल मशहूर हैं। कर्नाटक के दाएं हाथ के बल्लेबाज ने पिछले 6 आई.पी.एल. सीजन में से 4 में 600+ रन बनाए हैं, जो टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक है। हालांकि लखनऊ सुपरजाइंट्स के लिए कप्तान की बल्लेबाजी में बदलाव आएगा क्योंकि वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करेंगे। हमने उन्हें हाल ही में टैस्ट और वनडे दोनों में निचले क्रम पर खेलते देखा है। राहुल ने क्रिकेट विश्व कप में 75.3 की औसत से 452 रन बनाए थे। पूरे टूर्नामैंट में 5 या उससे कम नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले किसी भी खिलाड़ी ने राहुल से ज्यादा रन नहीं बनाए थे। अब टी20 विश्व कप 2024 बहुत दूर नहीं है, यह देखना बाकी है कि क्या पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ी आगामी आई.पी.एल. सीजन का उपयोग भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए टी20ई में वापसी के लिए कर सकते हैं।

 

 

सूर्यकुमार यादव (मुंबई इंडियंस)
मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या बन गए हैं। ऐसे में मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव पर सबकी नजरें रहेंगी। 33 साल के बल्लेबाज ने आई.पी.एल. 2023 की 16 पारियों में 605 रन बनाए थे जोकि मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा रन थे। उनसे इस साल भी बल्ले से करिश्मे की उम्मीद है। आई.पी.एल. 2023 के अंत के बाद से केवल सिकंदर रजा (595), यशस्वी जयसवाल (502) और फिन एलन (490) ने पुरुष टी20ई में सूर्याकुमार (466) से अधिक रन बनाए हैं। इस अवधि में उनके पास प्रारूप में 50+ के 5 स्कोर हैं, जो पुरुषों के टी20ई में पूर्ण सदस्य पक्ष के किसी भी बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से दूसरा उच्चतम (जायसवाल के साथ बराबरी पर) है। वह मौजूदा समय में भी टी20 फॉर्मेट के नंबर एक बल्लेबाज हैं। क्योंकि इस साल प्रत्येक ओवर में दो बाऊंसर की अनुमति मिल गई है तो ऐसे में मध्यक्रम में सूर्यकुमार की उपस्थिति महत्वपूर्ण हो सकती है।

Content Writer

Jasmeet