IPL 2024 : कोलकाता ने मुंबई को 18 रन से हराया, प्लेऑफ में जाने वाली पहली टीम बनी

punjabkesari.in Sunday, May 12, 2024 - 12:34 AM (IST)

खेल डैस्क : मुंबई इंडियंस को सीजन में 9वीं हार मिली है। ईडन गार्डन के मैदान पर कमाल करने की कोशिश करने आई मुंबई को बल्लेबाजों ने एक बार फिर से धोखा दे दिया। हालांकि मैच की शुरूआत में मुंबई के गेंदबाजों ने कोलकाता के शुरूआती विकेट जल्दी चटका लिए थे। लेकिन वेंकटेश अय्यर और नितिश राणा ने अच्छी पारियां खेलकर स्कोर 7 विकेट पर 157 रन तक पहुंचा दिया। मैच बारिश के कारण 16 ओवर का कर दिया गया था। जवाब में खेलने उतरी मुंबई को अच्छी शुरूआत मिली। लेकिन मध्यक्रम के फेल होने से वह लक्ष्य से दूर हो गई। सूर्यकुमार 11 तो कप्तान हार्दिक पांड्या 2 ही रन बना पाए। तिलक वर्मा (32) और नमन धीर (17) ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन जरूर बनाए लेकिन यह टीम के काम नहीं आए और टीम 139 रन बनाने के कारण 18 रन से मुकाबला गंवा बैठी। 

 

कोलकाता नाइट राइडर्स : 157-7 (16 ओवर)

कोलकाता को फिल सॉल्ट ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अच्छी शुरूआत देने की कोशिश की लेकिन इसी ओवर में तुषारा ने उन्हें पवेलियन की भी राह दिखा दी। अपना पहला ओवर फेंकने आए जसप्रीत बुमराह ने पहली ही गेंद पर सुनील नरेन को बोल्ड कर दिया। नरेन बुमराह की गेंद समझ ही नहीं पाए थे। श्रेयस अय्यर 7 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद वेंकटेश अय्यर ने पारी को संभाला। 9वें ओवर में वेंकटेश 21 गेंदों पर 42 रन बनाकर आऊट हो गए। उनका मुंबई के खिलाफ प्रदर्शन स्तरीय रहा है। उन्होंने मुंबई के खिलाफ ही अपना पहला आईपीएल शतक लगाया था।  बहरहाल, 12वें ओवर में नितिश राणा भी 23 गेंदों पर 33 रन बनाकर रन आऊट हो गए। नितिश इससे पहले बुमराह की गेंद पर डीआरएस के कारण बचे थे। 13वें ओवर में आंद्रे रसेल भी 14 गेंदों पर 24 रन बनाकर चलते बने। उन्हें पीयूष चावला ने पवेलियन की राह दिखाई। रिंकू सिंह 12 गेंदों पर 20 रन बना पाए। रमनदीप सिंह ने 11 रन बनाकर स्कोर 157 तक पहुंचाया। 

 

यह भी पढ़ें:-  MI vs KKR : जसप्रीत बुमराह ने 11 सालों में ही मलिंगा का यह रिकॉर्ड किया बराबर

 

यह भी पढ़ें:-  MI vs KKR : बुमराह की गेंद पर मोए मोए हुए सुनील नरेन, भूल गए खेलना, ऐसे गंवा दी विकेट

 

यह भी पढ़ें:- KKR vs MI : सुनील नरेन रिकॉर्ड 44वीं बार हुए जीरो पर आऊट, देखें लिस्ट, शामिल हैं कुछ बड़े नाम

 

 

मुंबई इंडियंस : 139/8 (16)

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने ओपनर ईशान किशन और रोहित शर्मा की बदौलत एक बार फिर से तेजतर्रार शुरूआत की। दोनों ने शुरूआती ओवरों में वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा और स्टार्क को निशाने पर लिया और पावरप्ले में स्कोर बिना विकेट खोए 66 तक ले गए। 7वें ओवर में ईशान किशन 40 रन बनाकर नरेन का शिकार हो गए। इसके अगले ओवर में रोहित शर्मा भी 19 रन बनाकर आऊट हो गए। सूर्यकुमार यादव से उम्मीदें थीं लेकिन वह 11 रन बनाकर आंद्रे रसेल का शिकार हो गए। कप्तान हार्दिक पांड्या फिर फ्लॉप हो गए और 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर पवेलियन चले गए। 13वें ओवर की पहली ही गेंद पर टिम डेविड भी आऊट हो गए। तिलक वर्मा (32) और नमन धीर (17) ने आखिरी ओवरों में कुछ स्कोर  बनाए लेकिन हर्षित राणा ने आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर मुंंबई को 139 रन पर रोक दिया। इस तरह कोलकाता को 18 रन से जीत हासिल हो गई।

 

कोलकाता प्लेऑफ में जाने वाली पहली टीम
मुंबई इंडियंस को ईडन गार्डन में हराने के साथ ही सीजन के प्लेऑफ में जाने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स पहली टीम बन गई है। कोलकाता के अब 12 मैचों में 9 जीत के साथ 18 प्वाइंट हो गए हैं। मुंबई अगर यह मुकाबला जीतती तो कोलकाता को अगले मैच जीतने की जरूरत होती लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। वहीं, मुंबई की यह सीजन में 9वीं हार है। वह 13 मैचों में 8 ही प्वाइंट बना पाए हैं। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। अंक तालिका में अभी बड़ी टक्कर चौथे स्थान के लिए जारी है। इसके लिए चेन्नई, दिल्ली, लखनऊ में जंग जारी है।

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस : नमन धीर, इशान किशन (उप-कप्तान), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नेहल वढेरा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, अंशुल कंबोज, पीयूष चावला, जसप्रित बुमराह, नुवान तुषारा।

कोलकाता नाइट राइडर्स : फिलिप साल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रिंकू सिंह, नितीश राणा, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिशेल स्टार्क, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News