दो दिन में ही टूटा मयंक यादव का रिकॉर्ड, कोएट्जी ने फेंकी IPL 2024 की सबसे तेज गेंद

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2024 - 05:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी ने सोमवार (1 अप्रैल) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लीग चरण के मैच के दौरान आईपीएल 2024 की सबसे तेज गेंद फेंककर मयंक यादव के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है जो उन्होंने दो दिन पहले ही बनाया था। कोएट्जी ने रॉयल्स के रन-चेज की अंतिम गेंद 157.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी।

इससे पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स के मयंक यादव ने मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 में 155.8 किमी प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करके सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड बनाया था। अपना पहला आईपीएल मैच खेलते हुए मयंक ने शनिवार (30 मार्च) को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ लगातार 150 किमी प्रति घंटे से ऊपर की गति दर्ज की। उनकी 155.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार ने राजस्थान रॉयल्स के नंद्रे बर्गर द्वारा निर्धारित पहले की गति को पीछे छोड़ा। 

आईपीएल 2024 में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाज 

गेराल्ड कोएत्जी (एमआई) - मुंबई में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ - 157.4 किमी प्रति घंटा 
मयंक यादव (एलएसजी) - लखनऊ में पंजाब किंग्स के खिलाफ - 155.8 किमी प्रति घंटा 
नांद्रे बर्गर (आरआर) - जयपुर में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ - 153 किमी प्रति घंटा 
अल्ज़ारी जोसेफ (आरसीबी) - बेंगलुरु में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ - 151.2 किमी प्रति घंटा 
मथीशा पथिराना (सीएसके) - चेन्नई में गुजरात टाइटंस के खिलाफ - 150.9 किमी प्रति घंटा 

गौर हो कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मुकाबले के दौरान मुंबई पहले खेलते हुए महज 125 रन ही बना पाई थी। जवाब में खेलने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 39 गेंदों पर 54 रन बनाकर अपनी टीम को 15.3 ओवर में ही जीत दिला दी। राजस्थान के लिए यह सीजन की तीसरी जीत थी और वह इसी के साथ अंक तालिका में पहले नंबर पर आ गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस अभी भी जीत के लिए तरस रही हैं। उन्होंने गुजरात, हैदराबाद और अब राजस्थान के खिलाफ खेले गए मुकाबले गंवाए हैं। 

Content Writer

Sanjeev