PBKS vs DC, IPL 2024 : पंजाब ने 4 विकेट से जीता मैच, जानें दिल्ली की हार के 5 कारण

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2024 - 07:48 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : सैम करेन के अर्धशतक और इंग्लैंड के अपने साथी ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन के साथ उनकी 67 रन की साझेदारी की मदद से पंजाब किंग्स ने शनिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को चार विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और ऋषभ पंत को 14 महीने बाद मैदान पर वापसी का जश्न जीत से नहीं मनाने दिया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद ‘इंपैक्ट प्लेयर' के रूप में नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अभिषेक पोरेल की 10 गेंद पर नाबाद 32 रन की पारी की मदद से नौ विकेट पर 174 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। करेन ने 47 गेंद पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 63 रन बनाए जबकि लिविंगस्टोन ने 21 गेंद पर नाबाद 38 रन बनाए जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल हैं। इसमें सुमित कुमार पर अंतिम ओवर में जमाया गया विजयी छक्का भी शामिल है जिससे पंजाब ने 19.2 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बना कर जीत दर्ज की।

 

 

दिल्ली की हार की 5 वजहें

 

दिल्ली के ओपनर्स की बड़ी पारी न खेलना : भले ही दिल्ली को डेविड वॉर्नर और मिशेल मार्श  ने तेजतर्रार शुरूआत दी लेकिन दोनों 8 ओवर के अंदर ही आऊट हो गए। वार्नर आकर टिके रहते तो दिल्ली को 200 के पास ले जाते जोकि मुल्लांपुर के मैदान पर पंजाब के लिए मुश्किल लक्ष्य होता। 

दिल्ली का मध्यक्रम बिखरा : अच्छी शुरूआत को दिल्ली का मध्यक्रम संभाल नहीं पाया। साल बाद लौटे पंत 13 गेंदों पर 18 रन बनाकर आऊट हो गए। वहीं, रिकी भुई 3, ट्रिस्टन स्टंब्स 5 रन बनाकर आऊट हो गए। अक्षर पटेल ने 21 रन बनाए लेकिन वह टीम को मजबूत स्कोर तक नहीं ले जा पाए।

ईशांत का चोटिल होना : पंजाब के कप्तान शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो ने टीम को तेज शुरूआत दी थी। लेकिन ईशांत ने आकर पार्टी खराब कर दी। उनके एक ही ओवर में पंजाब के दो विकेट गिर गए। ईशांत प्रभावी दिख रहे थे लेकिन तभी फील्डिंग के दौरान उन्हें चोट लगी गई। वह अपने कोटे के बाकी दो ओवर फेंक नहीं पाए। उनकी जगह मिशेल मार्श ने 4 ओवर में 52 तो खलील अहमद ने 4 ओवर में 43 रन लुटा दिए जोकि दिल्ली को महंगे पड़े।

19वें ओवर वार्नर का कैच छोड़ना : खलील अहमद ने 19वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर सेम कुरेन और शशांक सिंह को पवेलियन की राह दिखाई। अगली गेंद पर हरप्रीत बराड़ ने ऊंचा शॉट लगाया लेकिन वार्नर इसे पकड़ नहीं पाए। यहां से दिल्ली प्रैशर बनाने में फेल हो गई।

सैम कुरेन को रोक नहीं पाए : पंजाब को अच्छी शुरूआती मिली थी लेकिन वह एकाएक विकेट गिर गए। ऐसे समय में सैम कुरेन विकेट पर टिके रहे। उन्होंने लिविंगस्टन के साथ मिलकर स्कोर 150 पार पहुंचाया। सैम ने 47 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्के की मदद से 63 रन बनाए। अगर दिल्ली सैम का विकेट पहले ले लेती तो उनके लिए जीत आसान हो सकती थी।

 

पंत की वापसी हुई फीकी

दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे पंत ने 13 गेंद पर 18 रन बनाए जिसमें दो आकर्षक चौके शामिल हैं। दिल्ली के कप्तान पंत भी हालांकि अपने अन्य बल्लेबाजों डेविड वार्नर (21 गेंद पर 29 रन), मिशेल मार्श (12 गेंद पर 20), शाई होप (25 गेंद पर 33) और अक्षर पटेल (13 गेंद पर 21) की तरह अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। ऐसे में पोरेल को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया और वह टीम प्रबंधन के फैसले पर खरा उतरे। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हर्षल पटेल (47 रन देकर दो विकेट) के पारी के अंतिम ओवर में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 25 रन बटोर कर उनका गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ दिया। पंजाब की तरफ से अर्शदीप सिंह (28 रन देकर दो विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा कागिसो रबाडा, हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर ने एक-एक विकेट लिया।

 

धवन ने दी पंजाब को अच्छी शुरूआत

शिखर धवन (16 गेंद पर 22 रन) और जॉनी बेयरस्टो (09) ने खलील अहमद के पहले ओवर में दो-दो चौके लगाकर अच्छी शुरुआत की थी। धवन अधिक आक्रामकता दिखा रहे थे और इसी प्रयास में इशांत शर्मा की गेंद अपने विकेटों पर खेल गए। इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे प्रभसिमरन सिंह (17 गेंद पर 26 रन) में इशांत और खलील पर दो-दो चौके लगाए लेकिन कुलदीप यादव (21 देकर दो विकेट) ने उन्हें जल्द ही पवेलियन भेज दिया। इस स्पिनर ने इसके बाद जितेश शर्मा (09) को पंत के हाथों स्टंप आउट कराकर पंजाब का स्कोर 4 विकेट पर 100 रन कर दिया। कुलदीप को करेन का विकेट भी मिल जाता अगर ट्रिस्टन स्टब्स ने लॉन्ग ऑन पर उनका कैच नहीं छोड़ा होता। करेन तब 33 रन पर खेल रहे थे। करेन ने मार्श पर दो चौके लगाकर इसका जश्न मनाया। मार्श के इस ओवर में 18 रन बने जिसमें लिविंगस्टोन का छक्का भी शामिल है। मार्श काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 52 रन दिए। करेन और लिविंगस्टोन ने उनके अंतिम ओवर में छक्के जड़े। खलील अहमद (43 रन देकर दो विकेट) ने अपने आखिरी ओवर में करेन सहित दो विकेट लिए लेकिन इससे परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा।

 

दिल्ली को मिला अभिषेक पोरेल का सहारा

इससे पहले दिल्ली की टीम को ऑस्ट्रेलिया के वार्नर और मार्श ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने गेंद को लगातार सीमा रेखा के दर्शन कराए। इस बीच वार्नर ने अर्शदीप पर पारी का पहला छक्का लगाया। बेयरस्टो भी इसी ओवर में रन आउट हो गए। पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने ऐसे में रबाडा को गेंद थमाई लेकिन मार्श ने डीप स्क्वायर लेग पर छक्का जड़कर उनका स्वागत किया। मार्श ने अर्शदीप की गेंद भी छह रन के लिए भेजी लेकिन इस तेज गेंदबाज ने जल्द ही उन्हें राहुल चहर के हाथों कैच करा दिया। वार्नर ने अपना आक्रामक रवैया जारी रखा जबकि होप ने राहुल के एक ओवर में छक्के और मौके की मदद से 14 रन बटोरे। पटेल ने वार्नर का विकेट लिया। इसके बाद पंत ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच क्रीज पर कदम रखा। पटेल ने हालांकि उनकी पारी लंबी नहीं खिंचने दी। इसके बाद दिल्ली ने लगातार विकेट गंवाए जिससे 16 ओवर के बाद उसका स्कोर छह विकेट पर 128 रन हो गया था।


 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 

पंजाब किंग्स : शिखर धवन (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कैगिसो रबाडा, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह, शशांक सिंह

दिल्ली कैपिटल्स : डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), रिकी भुई, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, सुमित कुमार, कुलदीप यादव, खलील अहमद, ईशांत शर्मा


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News