IPL 2026 : MI ने KKR को 6 विकेट से हराया, रोहित-रिकलटन की दमदार पारी ने दिलाई जीत
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:18 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया, जिसे मुंबई ने 20वें ओवर में हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में ही स्कोर 80 रन तक पहुंचा दिया। रोहित शर्मा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 38 गेंदों पर 78 रन बनाकर 12वें ओवर में आउट हुए, तब टीम का स्कोर 148 रन था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रेयान रिकेल्टन ने शानदार 81 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। अंत में मुंबई ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की तेज शुरुआत के दम पर पावरप्ले में ही 50 रन पूरे कर लिए थे। फिन एलन ने 17 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि कैमरून ग्रीन ने 18 रन का योगदान दिया। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 67 रन बनाए। मध्यक्रम में अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला। रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली, जबकि रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाकर टीम को 221 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने अहम विकेट झटके, जबकि हार्दिक पंड्या ने भी महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। हालांकि, केकेआर का बड़ा स्कोर भी मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी के सामने टिक नहीं सका और टीम को हार का सामना करना पड़ा।
प्लेइंग XI
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमराह
कोलकाता नाइट राइडर्स : फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी

