पैट कमिंस के जल्द SRH में वापसी की संभावना, 5 बार की विजेता टीम के खिलाफ खेल सकते हैं मैच

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 06:22 PM (IST)

नई दिल्ली : मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के बीच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को एक बड़ी राहत मिली है। टीम के कप्तान पैट कमिंस के 17 अप्रैल को टीम में फिर से शामिल होने की संभावना है। यह शनिवार को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ होने वाले अगले मैच से ठीक एक दिन पहले होगा।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार कमिंस बुधवार को अपने घर पर फिटनेस टेस्ट देंगे। अगर वह इसे पास कर लेते हैं, जिसके बारे में फ्रेंचाइजी में काफी उम्मीद है, तो इस बात की पूरी संभावना है कि वह टीम के लिए खेलना शुरू कर देंगे। कमिंस के 17 अप्रैल को हैदराबाद लौटने की उम्मीद है। इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया, 'उम्मीद है कि वह टेस्ट पास कर लेंगे और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से NOC (अनापत्ति प्रमाण पत्र) हासिल कर लेंगे।'

इस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर पर खेली गई एशेज सीरीज के बाद से एक भी मैच नहीं खेला है। वह हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में भी नहीं खेल पाए थे, जहां ऑस्ट्रेलिया पहली बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था। कमिंस सीजन शुरू होने से पहले भारत आ गए थे, लेकिन उन्होंने किसी भी मैच में हिस्सा नहीं लिया। 32 वर्षीय कमिंस गुरुवार 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) पर SRH की रोमांचक जीत के ठीक बाद अपनी पीठ का स्कैन करवाने के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे।

कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने मौजूदा सीजन में खेले गए पांच मैचों में से दो में जीत हासिल की है। वे इस समय पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर हैं उनके पास चार पॉइंट्स और +0.576 का नेट रन रेट है। SRH ने सोमवार को पॉइंट्स टेबल में टॉप पर चल रही टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) को हरा दिया। इस जीत में डेब्यू करने वाले गेंदबाजों प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन का अहम योगदान रहा। दोनों ने चार-चार विकेट लिए जिसके चलते RR 217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 ओवरों में सिर्फ 159 रन पर ढेर हो गई और 57 रनों से मैच हार गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News