IPL 2026 : गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और CSK के मुकाबले पर बारिश का साया
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 06:49 PM (IST)
गुवाहाटी : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की वापसी नॉर्थ-ईस्ट में हो रही है। पहले सीजन की चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) सोमवार को यहां ACA स्टेडियम में 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच इसलिए भी ज्यादा दिलचस्प है क्योंकि यह दोनों टीमों को पिछले सीजन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नए सिरे से शुरुआत करने का मौका देता है। साथ ही इसमें कई दिलचस्प पहलू भी जुड़े हैं, जैसे कि पुराने साथी खिलाड़ियों का आमना-सामना, टीमों के प्रति बदली हुई वफादारी, और चुनाव वाले इस राज्य का चुनावी माहौल।
यह मैच असम के लिए एक और बड़ा खेल आयोजन भी है। असम में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां जोंरों पर हैं। पूरे राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने के बीच IPL का यह मैच इस क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खेल का एक छोटा सा ब्रेक लेकर आया है। मैच का नतीजा कैसा रहेगा इसमें मौसम भी एक अहम भूमिका निभा सकता है।
पिछले एक हफ्ते से गुवाहाटी में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मैच से ठीक एक दिन पहले भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और शहर के आस-पास हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा रहेगा और बीच-बीच में हल्की बारिश की भी संभावना है जिससे पिच पर नमी बढ़ने की आशंका है।
अब अगर मैदान पर होने वाले मुकाबले की बात करें तो सभी की नजरें यकीनन संजू सैमसन पर टिकी होंगी। रॉयल्स के साथ एक लंबे और यादगार सफर के बाद अब वह अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं। एक दशक से भी ज्यादा समय तक सैमसन रॉयल्स की पहचान बने रहे। वह टीम के बल्लेबाजी के मुख्य स्तंभ, कप्तान और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे जिन्होंने 2022 में टीम को IPL के फाइनल तक पहुंचाया था। अब CSK की तरफ से खेलते हुए केरल के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज के पास अनुभव और बेहतरीन फॉर्म, दोनों ही मौजूद हैं, जिसका फायदा उनकी नई टीम को मिलेगा।
सैमसन एक शानदार अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के बाद गुवाहाटी पहुंचे हैं। उन्होंने ICC पुरुष टी20 विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने दबाव वाले बड़े मैचों में जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच भी शामिल है, कई मैच-जिताऊ पारियां खेली थीं। CSK में उम्मीद है कि वह कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत करेंगे और टीम की कप्तानी की मुख्य धुरी बनेंगे।
टीमें :
राजस्थान रॉयल्स : रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिम्रोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जड़ेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स : संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैट हेनरी, अकील होसेन, नूर अहमद, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, खलील अहमद, जैक फॉल्क्स, अंशुल खंबोज, नाथन एलिस, सरफराज खान, राहुल चाहर, कार्तिक शर्मा, उर्विल पटेल, अमन खान, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह और मुकेश चौधरी।

