IPL 2026 : RR ने RCB को 6 विकेट से दी मात, वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफानी पारी
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 12:11 AM (IST)
नेशनल डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली। बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने हर विभाग में दम दिखाया।
RCB ने 201 रन बनाए, पाटीदार ने संभाली पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 125 रन तक 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 63 रनों की अहम पारी खेली, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 201 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि संदीप शर्मा और रवींद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली।
वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम को शुरुआती झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा, लेकिन इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने महज 26 गेंदों में 78 रन ठोकते हुए पावरप्ले में ही RCB के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी।
जुरेल ने निभाई फिनिशर की भूमिका
वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। जुरेल ने 43 गेंदों में नाबाद 81 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने राजस्थान को 18 ओवर में ही जीत दिला दी।
जडेजा का अहम योगदान
रवींद्र जडेजा ने भी उपयोगी पारी खेलते हुए 25 गेंदों में 24 रन बनाए और जुरेल का अच्छा साथ निभाया। दोनों के बीच साझेदारी ने मैच को पूरी तरह राजस्थान के पक्ष में कर दिया।

