IPL 2026 : इस तारीख से शुरू होगा 19वां सीजन, शेड्यूल में देरी का कारण आया सामने
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 03:00 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। टूर्नामेंट का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा, जिसकी पुष्टि आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने कर दी है। हालांकि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूरे टूर्नामेंट का विस्तृत शेड्यूल जारी नहीं किया है। बताया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों के कारण शेड्यूल घोषित होने में देरी हो रही है।
T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले हुआ ऐलान
आईपीएल 2026 की शुरुआत की तारीख का ऐलान उस समय किया गया जब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था। इस घोषणा के बाद फैंस में आईपीएल के नए सीजन को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
ओपनिंग मैच में मैदान पर उतरेगी RCB
आईपीएल की परंपरा के मुताबिक टूर्नामेंट के पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन टीम मैदान पर उतरती है। ऐसे में IPL 2026 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खेलने की उम्मीद है। आरसीबी ने पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर 18 साल का खिताबी सूखा खत्म किया था। ऐसे में टीम अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खिताब बचाने की शुरुआत कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ओपनिंग मैच में RCB का सामना 2025 की रनर-अप टीम पंजाब किंग्स से हो सकता है।
IPL 2026 का पूरा शेड्यूल अभी क्यों नहीं आया?
हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत की तारीख तय हो चुकी है, लेकिन बीसीसीआई ने अभी तक पूरे आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी नहीं किया है। दरअसल, शेड्यूल में देरी की सबसे बड़ी वजह देश में होने वाले विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं।
इन राज्यों के चुनाव से प्रभावित हो सकता है शेड्यूल
अप्रैल और मई में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ये तीनों राज्य आईपीएल के अहम केंद्र माने जाते हैं।
पश्चिम बंगाल: कोलकाता नाइट राइडर्स और ईडन गार्डन्स
तमिलनाडु: चेन्नई सुपर किंग्स और एमए चिदंबरम स्टेडियम
असम: बरसापारा स्टेडियम, जहां राजस्थान रॉयल्स कुछ मैच खेलती है; चुनाव के दौरान पुलिस और सुरक्षा बल मतदान ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में आईपीएल मैचों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करना चुनौती बन सकता है।
चुनाव आयोग की तारीखों का इंतजार कर रहा BCCI
इसी वजह से बीसीसीआई चुनाव आयोग द्वारा घोषित आधिकारिक मतदान तारीखों का इंतजार कर रहा है। इन तारीखों के सामने आने के बाद ही आईपीएल 2026 के पूरे शेड्यूल को अंतिम रूप दिया जाएगा। शेड्यूल तय होने के बाद टीमों की यात्रा, मैच वेन्यू और ब्रॉडकास्टिंग प्लान को भी उसी के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा।

