IPL 2026 : एक-दो नहीं, वैभव सूर्यवंशी ने जीते 5 अवॉर्ड्स, देखें पूरी लिस्ट
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 01:45 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरू होने से लेकर खत्म होने तक एक नाम जो सूर्खियों में बना रहा वह है वैभव सूर्यवंशी। छोटी उम्र में प्रतिभा के साथ-साथ उसे इस्तेमाल करने की कला ने सूर्यवंशी को कई रिकॉर्ड्स तोड़ने में मदद की और अवॉर्ड्स पर अपना दबदबा बनाने में कामयाब किया। सूर्यवंशी को एक-दो नहीं बल्कि कुल पांच ऑवर्ड्स मिले जिसमें 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर', 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीज़न', 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीज़न', 'ऑरेंज कैप विनर' और 'सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन' शामिल है।
बिहार में जन्मे 15 साल के इस बल्लेबाज ने राजस्थान रॉयल्स के लिए एक शानदार टूर्नामेंट खेला। उन्होंने सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर टूर्नामेंट खत्म किया और 237.30 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए। सूर्यवंशी के 72 छक्के एक IPL सीजन में किसी भी अन्य बल्लेबाज से कही ज्यादा है। पिछला रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था जिन्होंने एक IPL सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में 'ऑरेंज कैप' जीतने का एक नया IPL रिकॉर्ड भी बनाया। वह 15 साल और 65 दिन की उम्र में इसे जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटन्स के ओपनर सुदर्शन के नाम था जिन्होंने 2025 में 23 साल और 231 दिन की उम्र में यह कैप जीती थी। वहीं शुभमन गिल ने 2023 में 23 साल और 263 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड बनाया था।
सूर्यवंशी ने IPL में 1000 रन बनाने का मील का पत्थर भी रिकॉर्ड समय में हासिल किया। उन्होंने इसके लिए सिर्फ 440 गेंदें खेलीं, और वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पारियों के लिहाज़ से वह ऐसा करने वाले दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बने। उन्होंने 23 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि शॉन मार्श 21 पारियों के साथ इस रिकॉर्ड में सबसे आगे हैं।
IPL 2026 अवॉर्ड्स की पूरी लिस्ट
फाइनल का 'प्लेयर ऑफ द मैच' : विराट कोहली
सीजन का 'इमर्जिंग प्लेयर' : वैभव सूर्यवंशी
सीजन का 'सुपर स्ट्राइकर' : वैभव सूर्यवंशी
सीजन के 'सुपर सिक्सेस': वैभव सूर्यवंशी
सीजन की ग्रीन डॉट बॉल्स : मोहम्मद सिराज
सीजन का बेस्ट कैच : मनीष पांडे
फेयरप्ले अवॉर्ड : पंजाब किंग्स
पर्पल कैप : कगिसो रबाडा
ऑरेंज कैप : वैभव सूर्यवंशी
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) : वैभव सूर्यवंशी

