सामने आई IPL 2023 के 5 सबसे महंगे खिलाड़ियों की लिस्ट, जानें किसे मिला कितना पैसा

punjabkesari.in Friday, Dec 23, 2022 - 05:29 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2023 की नीलामी के दूसरे दौर में इंग्लैंड के सैम कुरेन को शुक्रवार को पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रुपए में खरीदा, जिसके बाद वह आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। भारत के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह को सबसे पहले आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी होने का गौरव हासिल हुआ था, जब 2015 के सत्र में उन्हें 16 करोड़ रूपये में खरीदा गया था। आईपीएल 2023 की मिनी नीलामी बेहद रोचक रही, जहां कई क्रिकेटरों पर पैसों की बरसात होती दिखी। आइए जानें आईपीएल 2023 की मिनी नीलामी में बिकने वाले 5 बल्लेबाजों के बारे में, जिनके ऊपर खूब हुई पैसों की बरसात-

1. सैम कुरेन
सैम कुरेन को पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2023 की नीलामी में 18.50 करोड़ में खरीदा। इसी के साथ वह ना सिर्फ आईपीएल नीलामी 2023 के बल्कि इतिहास के सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी रहे। इससे पहले कुरेन चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा थे। वह आईपीएल में कुल 32 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें वह 32 ही विकटें भी चटका चुके हैं। इसके अलावा वह आईपीएल में 337 रन भी बना चुके हैं। सैम कुरेन के लिए शुरूआती रुझान मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिखाए। दोनों बोली को 6.75 करोड़ तक ले गए जब राजस्थान रॉयल्स भी बोली में आ गई। फिर मुंबई और राजस्थान के बीच जंग 11.50 करोड़ तक पहुंच गई। यहां चेन्नई सुपर किंग्स की एंट्री हुई। 13 करोड़ की बोली लगातार राजस्थान पीछे हटी तो पंजाब किंग्स ने बोली शुरू कर दी।  लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी 16.25 करोड़ की बोली लगाई लेकिन मुंबई इंडियंस ने फिर से एंट्री मार ली। अंत में पंजाब किंग्स और मुंबई के बीच मुकाबला हुआ जिसमें पंजाब  ने रिकॉर्ड 18.50 करोड़ रुपए में उन्हें खरीद लिया। 

2. कैमरून ग्रीन
ऑस्ट्रेलिया के ऊभरते हुए ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। कैमरून का बेस प्राइस 2 करोड़ था, लेकिन मुंबई इंडियंस ने उन्हें 17.50 करोड़ में खरीदकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। शुरूआत में कैमरून को खरीदने के लिए आरसीबी ने दिलचस्पी दिखाई, लेकिन 6.75 करोड़ी की बोली लगाने के बाद वह पीछे हट गए। मुंबई उन्हें सस्ते में खरीदता हुआ देख रही थी कि तभी दिल्ली कैपिटल्स भी बीच में कूद गई। दोनों के बीच कैमरून को खरीदने में होड़ दिखी, लेकिन अंत में मुंबई ने मोटी रकम अदा करते हुए इस ऑलराउंडर को अपने साथ शामिल कर लिया। 

3. बेन स्टोक्स
दुनिया के महानतम ट्वंटी-20 ऑलराऊंडर्स में से एक बेन स्टोक्स पर आईपीएल ऑक्शन 2023 में बिकने वाले तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। स्टोक्स के लिए 5 टीमों ने बोली लगाई लेकिन आखिरकार चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें 16.25 करोड़ की कीमत के साथ अपने साथ लाने में सफल रहा। स्टोक्स के लिए सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दाव लगाया था। राजस्थान बोली को 6.75 करोड़ तक ले गया तो लखनऊ सुपर जायंट्स की एंट्री हो गई। बोली 7.75 पर गई तो सनराइजर्स हैदराबाद ने भी दावदेार दिखा दी। लखनऊ और हैदराबाद में 15 करोड़ तक जंग चली जब सुपर किंग्स ने भी बोली में एंट्री मार ली। इसके बाद सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ की आखिरी बोली लगाकर स्टोक्स को अपनी टीम के साथ मिला लिया। 

4. निकोलस पूरन
विंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज निकोलस पूरन चाैथे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्होंने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रूपए रखा था, लेकिन उनकी बोली 16 करोड़ में लगी जो आईपीएल इतिहास में एक नया रिकाॅर्ड कायम कर गई। पूरन को खदीदने के लिए लखनऊ सुपरजाएंट्स ने 16 करोड़ की बोली लगाई। इसी के साथ ईशान किशन का रिकाॅर्ड भी टूट गया। दरअसल, पूरन अब आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विकेटकीपर बन गए हैं। पूरन से पहले आईपीएल 2022 की नीलामी में ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में खरीदकर अपने नाम किया था। तब ईशान आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे विकेटकीपर बने थे, लेकिन अब ये उपलब्धि पूरन के नाम हो चुकी है। 

5. हैरी ब्रूक
इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक इस नीलामी में बिकने वाले 5वें सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। ब्रूक को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ 25 लाख रूपए की बोली लगाकर अपनी टीम किया है। ब्रूक का बेस प्राइस डेढ़ करोड़ था, लेकिन उनपर करोड़ों में बाैछार होती दिखी। उन्हें खरीदने के लिए शुरू में आरसीबी ने भी दिलचस्पी दिखाई, लेकिन 4 करोड़ 80 लाख के बाद वह पीछे हट गए। इसके बाद राजस्थान राॅयल्स ने हैदराबाद को टक्कर देने की कोशिश अंत तक की, लेकिन जब बोली13 करोड़ पहुंची तो वह पर्स में पैस ना होने के कारण पीछे हट गए, जिससे ब्रूक मोटी रकम के साथ हैदराबाद के लिए बिक गए।


 

News Editor

Rahul Singh