IPL Auction 2024 : हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस में लौटेंगे ! यह बल्लेबाज करेगा गुजरात टाइटंस की कप्तानी

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2023 - 07:40 PM (IST)

खेल डैस्क : आईपीएल ऑक्शन नजदीक आते ही सभी फ्रेंचाइजियों में ट्रेडिंग तेजी से चल रही है। आवेश खान, देवदत्त पडिकल, हैरी ब्रूक जैसे खिलाड़ी पहले से ट्रेड हो चुके हैं। अब अफवाहों का बाजार गर्म है कि जल्द ही हार्दिक पांड्या अपनी पहली आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में लौट सकते हैं। माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस की टीम हार्दिक को ट्रेड करने के लिए गुजरात टाइटन्स के साथ बातचीत कर रही है। अगर हार्दिक मुंबई में आते हैं तो उनकी जगह पर सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को कप्तान बनाया जा सकता है।


ऐसी भी चर्चा है कि मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा के लिए भी एक अलग तरह का रोल तैयार कर रही है। ऐसे में संभवत: रोहित शर्मा या जोफ्रा आर्चर में से किसी एक को बाहर होना होगा। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 5 आईपीएल खिताब जीते हैं, ऐसे में मुंबई प्रबंधन के लिए यह फैसला लेना इतना आसान नहीं है।  

 

 


अगर रोहित शर्मा टीम में नहीं रहते तो कप्तानी को लेकर संकट हो सकता है क्योंकि मुंबई इंडियंस के पास ज्यादातर खिलाड़ी नए हैं। ऐसे में अगर हार्दिक पांड्या की वापसी होती है तो मुंबई इंडियंस में जल्द लय में  लौट सकती है। हार्दिक ने फ्रेंचाइजी के साथ अपनी आईपीएल यात्रा शुरू की थी और 2015 से 2020 तक 4 खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 2022 में हार्दिक गुजरात टाइटंस में शामिल हुए थे और अपनी कप्तानी में पहले सत्र में अपनी टीम को विजेता बनाया था। इसके बाद आईपीएल 2023 में भी वह अपनी टीम को फाइनल में ले गए थे। अभी आईपीएल ट्रांसफर विंडो 26 नवंबर को बंद होनी है।


बता दें कि क्रिकेट विश्व कप 2023 के दौरान हार्दिक पांड्या का टीम इंडिया की ओर से प्रदर्शन औसत रहा था। मैच के दौरान ही वह चोटिल हो गए थे। चोट के कारण वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी 20 मैचों की सीरीज में नहीं दिखे। आगामी दक्षिण अफ्रीका सीरीज में भी उनके दिखने की संभावना कम है। वह अब संभवत: आईपीएल 2023 के दौरान ही एक्शन में दिख सकते हैं।

Content Writer

Jasmeet