लखनऊ में फिर मचेगी IPL की धूम : घरेलू मैदान पर 7 मुकाबले खेलेगी सुपर जाइंट्स
punjabkesari.in Monday, Feb 17, 2025 - 11:43 AM (IST)

लखनऊ : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रोमांच एक बार फिर लखनऊ वासियों के सिर चढ़कर बोलेगा। आगामी 22 मार्च को शुरू हो रहे आईपीएल के अगले सत्र में लखनऊ सुपरजाइंट्स (एलएसजी) अपने घरेलू मैदान पर सात मुकाबले खेलेगी।
एलएसजी की ओर से यहां जारी एक बयान के मुताबिक पिछले दो वर्षों की तरह इस बार भी एलएसजी अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में सात घरेलू मैच खेलेगी। इनमें से मुंबई इंडियंस (एमआई), चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ मुकाबले भी शामिल हैं।
पहली बार लखनऊ सुपरजाइंट्स की कप्तानी कर रहे भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत की अगुवाई वाली एलएसजी लखनऊ में अपना पहला मुकाबला आगामी एक अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी। इसके अलावा चार अप्रैल को मुंबई इंडियंस से, 12 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से, 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स, 22 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स, 9 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर और 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ सुपरजाइंट्स के मेंटर जहीर खान ने कहा, 'ऋषभ पंत की कप्तानी के साथ टीम के पास डेविड मिलर, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, मयंक यादव, आवेश खान और रवि बिश्नोई जैसे कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं। एलएसजी निश्चित रूप से आईपीएल खिताब की प्रबल दावेदार है। क्रिकेट प्रेमियों के प्यार और समर्थन से हम इस लक्ष्य को हासिल करेंगे।'
आईपीएल 2024 की मेगा नीलामी में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। पिछले माह टीम के मालिक डॉ संजीव गोयनका ने उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया था। ऋषभ पंत के अलावा टीम में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श, दक्षिण अफ्रीकी स्टार एडेन मार्करम, डेविड मिलर के साथ आकाश दीप, आवेश खान, अब्दुल समद जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
लखनऊ सुपर जाइंट्स का आईपीएल 2025 का पूरा शेड्यूल
24 मार्च, सोमवार दिल्ली कैपिटल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 7:30 PM विशाखापत्तनम
27 मार्च, गुरुवार सनराइजर्स हैदराबाद बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 7:30 PM हैदराबाद
1 अप्रैल, मंगलवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम पंजाब किंग्स 7:30 PM लखनऊ
4 अप्रैल, शुक्रवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस 7:30 PM लखनऊ
6 अप्रैल, रविवार कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 3:30 PM कोलकाता
12 अप्रैल, शनिवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम गुजरात टाइटन्स 3:30 बजे लखनऊ
14 अप्रैल, सोमवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स 7:30 बजे लखनऊ
19 अप्रैल, शनिवार राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 7:30 PM जयपुर
22 अप्रैल, मंगलवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स 7:30 PM लखनऊ
27 अप्रैल, रविवार मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 3:30 PM मुंबई
4 मई, रविवार पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 7:30 PM धर्मशाला
9 मई, शुक्रवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7:30 PM लखनऊ
14 मई, बुधवार गुजरात टाइटन्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स 7:30 PM अहमदाबाद
18 मई, रविवार लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद 7:30 PM लखनऊ