वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन की सीख, ''सोशल मीडिया नहीं, सिर्फ क्रिकेट पर रखो फोकस''
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 11:49 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ड्रेसिंग रूम में वह, अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल और बाकी सीनियर खिलाड़ी 15 वर्षीय बल्लेबाज को लगातार यही सलाह देते हैं कि बाहरी शोर और सोशल मीडिया से दूर रहकर सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दें।
भारत ने 90 रन से जीतकर सीरीज की अपने नाम
हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219/5 का बड़ा स्कोर बनाया। ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन और तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 129 रन पर सिमट गई और भारत ने 90 रन से जीत दर्ज करते हुए तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
'क्रिकेट पर ध्यान दो, सोशल मीडिया पर नहीं'
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान किशन ने कहा कि वैभव अपनी उम्र के हिसाब से काफी समझदार हैं और उन्हें लगातार सही दिशा में रहने की सलाह दी जाती है। 'वैभव काफी समझदार है। वह जानता है कि उसे मैदान पर और मैदान के बाहर खुद को कैसे संभालना है। भारत के लिए खेलते समय यह समझना जरूरी है कि किस चीज पर फोकस करना है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं, अभिषेक, अक्षर भाई और बाकी खिलाड़ी उसे हमेशा कहते हैं कि सोशल मीडिया या बाहरी शोर पर नहीं, सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान दो।'
ईशान नहीं चाहते वैभव दोहराए उनकी गलती
ईशान किशन ने स्वीकार किया कि वह नहीं चाहते कि वैभव अपने करियर की शुरुआत में वही गलतियां करें, जो उन्होंने खुद की थीं। उनका मानना है कि अगर युवा बल्लेबाज बाहरी चीजों से दूर रहेगा तो लंबे समय तक भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन सकता है।
जिम्बाब्वे दौरे पर दिखी वैभव की झलक
इंग्लैंड दौरे पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में शानदार अर्धशतक लगाया। दूसरे मुकाबले में भी उन्होंने रिचर्ड नगारावा के एक ओवर में तीन छक्के और एक चौका लगाकर तेज शुरुआत की, लेकिन बड़ा स्कोर बनाने से चूक गए। दो मैचों में वह अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 100 रन का आंकड़ा भी पार कर चुके हैं।
तीसरे टी20 में मिलेगा मौका या होगा बदलाव?
दूसरे टी20 में अभिषेक शर्मा एक बार फिर बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके, हालांकि उन्होंने अपनी बाएं हाथ की स्पिन से तीन विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। ऐसे में तीसरे मुकाबले में टीम प्रबंधन प्लेइंग इलेवन में बदलाव करता है या नहीं, इस पर नजर रहेगी। प्रभसिमरन सिंह को भी टी20 डेब्यू का मौका मिल सकता है। सीरीज पहले ही जीत चुकी भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर भी तीसरे और अंतिम टी20 में कुछ बदलाव के संकेत दे चुके हैं।

