ईशान किशन ने दिलीप ट्रॉफी फाइनल में लगाया दोहरा शतक, खास बल्लेबाजों में हुए शामिल
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 02:25 PM (IST)
नई दिल्ली : दिलीप ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शानदार दोहरा शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाते हुए इतिहास रच दिया। रविवार को खेल के पहले दिन शतक के साथ पारी खत्म करने के बाद ईशान ने दूसरे दिन भी तिलक वर्मा की साउथ जोन टीम के खिलाफ आक्रामक खेल जारी रखा। 200 रन का आंकड़ा पार करके ईशान टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल में यह मुकाम हासिल करने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए। इससे पहले दिलीप ट्रॉफी के फाइनल रमन लांबा, अंशुमन गायकवाड़, चेतेश्वर पुजारा और यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक लगाया है।
दिलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
रमन लांबा (1987-88 सीजन में वेस्ट जोन के खिलाफ 320 रन)
अंशुमन गायकवाड़ (1987-88 सीजन में नॉर्थ जोन के खिलाफ 216 रन)
चेतेश्वर पुजारा (2016-17 में इंडिया रेड के खिलाफ नाबाद 256 रन)
यशस्वी जायसवाल (2022-23 सीजन में साउथ जोन के खिलाफ 209 रन)
ईशान किशन (2025-26 में साउथ जोन के खिलाफ 250*)
ईशान का मजबूत इरादा
शुरुआत से ही ईशान ने ईस्ट जोन की कमान मजबूती से संभाली। पहले दिन का खेल खत्म होने पर ईस्ट जोन का स्कोर 4 विकेट पर 385 रन था जिसमें ईशान 111 और कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर नाबाद थे। इस जोड़ी ने सिर्फ 26.4 ओवर में 144 रनों की अटूट साझेदारी करके ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दूसरे दिन कुशाग्र भी आउट होने से पहले शतक तक पहुंचे। हालांकि उनके आउट होने से ईशान पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने संयम के साथ पारी को आगे बढ़ाया।
ईशान के फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 4,000 रन
ईशान की यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि वह खुद को एक गंभीर रेड-बॉल क्रिकेटर के तौर पर फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 4,000 रनों का आंकड़ा भी पार किया और इस फॉर्मेट में अपना 10वां शतक भी पूरा किया। ईस्ट जोन, जिसने आखिरी बार 13 साल पहले दिलीप ट्रॉफी जीती थी, अब मजबूत स्थिति में है। अगर उनके गेंदबाज अनुशासित प्रदर्शन करते हैं, तो हो सकता है कि उन्हें ट्रॉफी जीतने के लिए दूसरी बार बल्लेबाजी करने की जरूरत ही न पड़े।

