IPL 2026: ईशान किशन रचेंगे इतिहास, SRH की कप्तानी करते ही बनाएंगे बड़ा रिकॉर्ड

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 06:01 PM (IST)

बेंगलुरु : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बड़े बदलाव के साथ हो रही है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कमान संभालेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलेगी, जहां ईशान किशन इतिहास रच सकते हैं।

पैट कमिंस की जगह मिली कप्तानी

सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर हैं। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को स्टैंड-इन कप्तान बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कमिंस टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में टीम से जुड़ सकते हैं। तब तक ईशान किशन कम से कम 7 मैचों में टीम की कप्तानी करेंगे। इस दौरान अभिषेक शर्मा टीम के उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।

सबसे युवा भारतीय कप्तान

आरसीबी के खिलाफ टॉस के लिए उतरते ही ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। हालांकि, टीम के सबसे युवा कप्तान बनने का ओवरऑल रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम है, जिन्होंने 2018 में 27 साल 244 दिन की उम्र में कप्तानी की थी। ईशान किशन की कप्तानी टीम के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

SRH का पुराना इतिहास

सनराइजर्स हैदराबाद में कप्तानी बदलाव पहले भी हो चुके हैं। 2018 में डेविड वॉर्नर पर बैन लगने के बाद केन विलियमसन को कप्तान बनाया गया था और उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। बाद में वॉर्नर की वापसी के बाद भी एक सीजन तक टीम की कप्तानी विलियमसन ने ही संभाली थी। अब ईशान किशन भी उन भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की है। इस लिस्ट में शिखर धवन, मनीष पांडे और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

ईशान पर लगाया था बड़ा दांव

सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 मेगा ऑक्शन में ईशान किशन को 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। पहले सीजन में उनका प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा था, लेकिन टीम ने उन पर भरोसा बनाए रखा और अब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी दे दी गई है।

IPL 2026 में SRH का पूरा शेड्यूल

28 मार्च – बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – बेंगलुरु
2 अप्रैल – बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स – कोलकाता
5 अप्रैल – बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स – हैदराबाद
11 अप्रैल – बनाम पंजाब किंग्स – न्यू चंडीगढ़
13 अप्रैल – बनाम राजस्थान रॉयल्स – हैदराबाद
18 अप्रैल – बनाम चेन्नई सुपर किंग्स – हैदराबाद
21 अप्रैल – बनाम दिल्ली कैपिटल्स – हैदराबाद
25 अप्रैल – बनाम राजस्थान रॉयल्स – जयपुर
29 अप्रैल – बनाम मुंबई इंडियंस – मुंबई
3 मई – बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स – हैदराबाद
6 मई – बनाम पंजाब किंग्स – हैदराबाद
12 मई – बनाम गुजरात टाइटंस – अहमदाबाद
18 मई – बनाम चेन्नई सुपर किंग्स – चेन्नई
22 मई – बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – हैदराबाद


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News