ISL: मुंबई को हराकर जमशेदपुर शीर्ष चार में पहुंचा

punjabkesari.in Friday, Feb 02, 2018 - 11:14 AM (IST)

मुंबई: बिकाश जाएरू के मैदान में उतरने के दो मिनट बाद किए गए गोल की मदद से जमशेदपुर एफसी ने गुरूवार को मेजबान मुंबई सिटी एफसी को 2-1 से हराकर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की अंक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। जमशेदपुर ने संजू प्रधान के आत्मघाती गोल से शुरू में बढ़त बनाई। मुंबई के लिए एवर्टन सांतोस ने 79वें मिनट में गोल बराबरी का गोल दागा। ऐसे में 82वें मिनट में मैदान पर उतरे जाएरू ने 84वें मिनट में गोल करके जमशेदपुर को आगे किया जो आगे निर्णायक साबित हुआ।         

अंक तालिका में लगाई छलांग
जमशेदपुर की टीम अब कुल 22 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। एफसी गोवा पांचवें स्थान पर खिसक गई है। मुंबई  की टीम 17 अंकों के साथ छठे स्थान पर ही बनी हुई है। पहला हाफ दोनों टीमों के लिए उपयोगी रहा लेकिन मुंबई की टीम दुर्भाग्यशाली रही कि उसके अपने ही खिलाड़ी ने गोल बचाने के प्रयास में आत्मघाती गोल कर जमशेदपुर को आगे निकलने का मौका दे दिया।

मुंबई ने कई मौके गंवाए
दूसरे हाफ में हालांकि मुंबई ने अच्छी शुरुआत की और गेंद पर लगातार कब्जा बनाए रखा। 56वें मिनट में उसके पास बराबरी करने का मौका था लेकिन थियागो सांतोस करीब से चूक गए।  यह हमला बेकार जाने के बाद मुंबई ने हमले जारी रखे। 58वें मिनट में उसने एक जोरदार हमला किया लेकिन सुब्रत पॉल ने उसे एक बार फिर निराश कर दिया। बलवंत ने 61वें मिनट में एक और मौका गंवाया।  बलवंत के पास 74वें मिनट में भी मौका था लेकिन वह आफसाइड करार दिए गए।

दोनों टीमों की ओर से कुछ अच्छे हमले हुए लेकिन 37वें मिनट में जो हुआ, वह मेजबान टीम पर भारी पड़ा। फारूख चौधरी ने मैदान के मध्य से एक शॉट लिया, जो मुंबई के बॉक्स में पहुंचा। रोजारियो उस तक नहीं पहुंच सके और संजू गेंद की ओर लपके। वह गेंद को क्लीयर करने की जगह उल्टे अपने ही गोलपोस्ट में मार बैठे।