ISL 2017: एफसी पुणे ने मुंबई सिटी को 2-1 से हराया

punjabkesari.in Thursday, Nov 30, 2017 - 09:56 AM (IST)

पुणे: उरूग्वे के स्ट्राइकर एमिलियानो अलफारो के आखिरी 16 मिनट में किए गए दो गोल की बदौलत एफसी पुणे सिटी ने बुधवार को इंडियन सुपर लीग फुटबाल टूर्नामेंट में मुंबई सिटी एफसी को 2-1 से हराया।  

मुंबई के लिए बलवंत सिंह ने 15वें मिनट में ही गोल दाग दिया था। इससे मुंबई ने मैच में अधिकतर समय बढ़त बनाई रखी। पुणे ने लगातार मौके बनाए लेकिन पहले हाफ में वह इन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम रहा। आखिर में पुणे को 74वें मिनट में पेनल्टी मिली जिसे अलफारो ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।

अंतिम क्षणों में दागा गोल
जब मैच ड्रा की तरफ बढ़ रहा था तब जोनाथन लुका के पास पर अलफारो ने 90वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा जो निर्णायक साबित हुआ। इस जीत से पुणे को तीन अंक मिले और उसके अब तीन मैचों में छह अंक हो गए हैं। मुंबई सिटी के तीन मैचों में तीन अंक हैं।