धोनी का साथ देते दिखे मैक्सवेल, बताई स्कोर ना बना पाने की असली वजह

punjabkesari.in Monday, Feb 25, 2019 - 02:46 PM (IST)

विशाखापत्तनम : आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले ट्वंटी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी की धीमे स्ट्राइक रेट की वजह से आलोचना हो रही है लेकिन इस पूरे मामले पर ग्लेन मैक्सवेल धोनी का साथ देते दिखे। मैक्सवेल ने धोनी के स्कोर ना बना पनाे की असली वजह पिच को बताया। उन्हें लगता है कि उस धीमी पिच पर पूर्व भारतीय कप्तान धोनी इतना ही कर सकते थे। 

भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए थे जिसमें धोनी 37 गेंद में 29 रन ही अपने खाते में जोड़ पाए। मैक्सवेल ने कहा, 'इस पिच पर गेंद सीधे बल्ले पर नहीं आ रही थी। लगातार विकेट गिर चुके थे और वह क्रीज पर युजवेंद्र चहल के साथ थे।' मैक्सवेल ने धोनी का बचाव करते हुए कहा, ‘यह (धीमी रन गति) शायद ठीक ही था। विकेट जिस तरह से बर्ताव कर रही थी, इस पर किसी भी बल्लेबाज के लिए रन बनाना बहुत मुश्किल था और वो भी ऐसे खिलाड़ी चहल के साथ जो हिट करने में माहिर नहीं हो।’

मैक्सवेल ने आगे कहा कि यह ऐसी पिच थी जिसमें गेंद नीची रह रही थी और धोनी केवल एक ही छक्का लगा सके। उन्होंने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी निश्चित रूप से एक विश्व स्तरीय फिनिशर हैं और उन्हें बल्ले के बीच से गेंद हिट करने में मुश्किल हो रही थी। इस कारण मुझे लगता है कि यह सही था कि वह स्ट्राइक रोटेट करते रहे। उन्होंने अंतिम ओवर में एक छक्का जमाया और मुझे लगता है कि इससे साफ दिखता है कि वहां कितनी मुश्किल हो रही थी।’ उन्होंने धोनी पर लगाम लगाए रखने के लिए अपने गेंदबाजों की भी तारीफ की।

Sanjeev