पंजाब के 9 खिलाड़ियों को कार ने राैंदा, नशे में था ड्राइवर, एक की हालत गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 04:47 PM (IST)

जम्मू : पंजाब सैम्बो टीम के नौ खिलाड़ियों को एक बेकाबू कार द्वारा राैंदने की खबर सामने आई है। यहां भगवती नगर स्थित इंडोर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स के बाहर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से युवा घायल हो गए हैं, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम भगवती नगर इंडोर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में चल रही राष्ट्रीय सैम्बो चैंपियनशिप में हिस्सा लेने पहुंची पंजाब टीम के खिलाड़ी खेल परिसर के बाहर बस में सवार होने का इंतजार कर रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस ने कहा, ‘‘ नौ में से एक खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे पंजाब के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।'' पुलिस ने कहा कि सुबह सूचना मिलने पर खिलाड़ियों के माता-पिता जम्मू पहुंचे और उनकी सहमति से घायल खिलाड़ी पड़ोसी राज्य में अपने गृहनगर के लिये रवाना हो गये हैं। पुलिस ने कहा,‘‘ कार चालक जम्मू के फालियन मंडल का रहने वाला प्रियांशु सिंह है। वह नशे की हालत में था और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। '' 

पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज करके घटना का संज्ञान लिया गया है। हादसा तब हुआ जब सभी खिलाड़ी बस का इंतजार कर रहे थे। 13 वर्षीय मानस ने बताया कि वह बस का इंतजार कर रहे थे। उनके साथ बहुत से खिलाड़ी और भी थे। तभी तेज रफ्तार में एक कार आई और उनको रौंदते हुए आगे एक दूसरी गाड़ी से जाकर टकरा गई। बता दें कि हादसा शुक्रवार रात 10 बजे हुआ। भगवती नगर स्थित डीआरडीओ अस्पताल के नजदीक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में उक्त खेलों का राष्ट्रीय टूर्नामेंट हो रहा है। इसमें देशभर से 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी आए हैं। 

News Editor

Rahul Singh