दो दिग्गज यानिक सिनर और नोवाक जोकोविच के बीच विंबलडन के सेमीफाइनल में होगी भिड़ंत
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 12:36 PM (IST)
लंदन : टेनिस जगत के दो दिग्गज यानिक सिनर और नोवाक जोकोविच लगातार दूसरे साल विंबलडन 2026 के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे। सेंटर कोर्ट पर दो स्टार के बीच होने वाले मुकाबले से यह तय होगा कि रविवार (12 जुलाई) को चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला कौन खेलेगा।
दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी और इटली के स्टार सिनर ने मंगलवार को अपने क्वाटर्र-फाइनल मैच में जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ को सीधे सेटों में हराया, जबकि जोकोविच ने अंतिम आठ के मुकाबले में तीसरे सीड फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे को पांच सेटों और पांच घंटे चले रोमांचक मैच में हराया। मौजूदा चैंपियन और सात बार के विंबलडन विजेता चार साल में तीसरी बार चैंपियनशिप के सेमीफ़ाइनल में आमने-सामने हो रहे हैं। इस साल के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले, दोनों ने एक-एक बार जीत हासिल की है।
हेड-टू-हेड रिकॉडर् में सिनर, जोकोविच से छह-पांच से आगे हैं, हालांकि पिछली बार जब वे मिले थे तो जीत जोकोविच की हुई थी। वह मुकाबला भी इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में हुआ था, जिसमें सर्बियाई खिलाड़ी ने पांच सेटों में जीत हासिल की थी।

