मियामी ओपन: जैनिक सिनर ने रचा इतिहास, जोकोविच का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 11:01 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : Jannik Sinner ने Miami Open में शानदार प्रदर्शन करते हुए टेनिस की दुनिया में नया इतिहास रच दिया। सिनर ने तीसरे राउंड में कोरेंटिन माउटे को 6-1, 6-4 से हराकर ATP Masters 1000 स्तर पर लगातार 26 सेट जीतने का रिकॉर्ड बना दिया। इस जीत के साथ उन्होंने सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी Novak Djokovic का 24 लगातार सेट जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
दूसरे राउंड में बराबरी, तीसरे राउंड में रिकॉर्ड
सिनर ने मियामी ओपन के दूसरे राउंड में जीत हासिल कर जोकोविच के 24 सेट के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इसके बाद तीसरे राउंड में जीत हासिल करते ही वह इस रिकॉर्ड से आगे निकल गए। यह मैच हार्ड रॉक स्टेडियम में खेला गया, जहां सिनर ने एकतरफा अंदाज में मैच अपने नाम किया।
पेरिस मास्टर्स से शुरू हुआ जीत का सिलसिला
सिनर का लगातार सेट जीतने का सिलसिला पिछले साल नवंबर में पेरिस मास्टर्स से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने बिना एक भी सेट गंवाए खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने इंडियन वेल्स (पैरिबास ओपन) में भी बिना सेट गंवाए खिताब जीता। मियामी में दो जीत के साथ अब वह लगातार 13 मास्टर्स 1000 मैच भी जीत चुके हैं।
सनशाइन डबल की ओर बढ़ रहे सिनर
अब सिनर का अगला मुकाबला एलेक्स मिशेलसन से होगा, जिन्होंने एलेजांद्रो ताबिलो को हराकर अगले राउंड में जगह बनाई। सिनर के पास ‘सनशाइन डबल’ (इंडियन वेल्स + मियामी ओपन) जीतने का मौका है। आखिरी बार यह कारनामा 2017 में Roger Federer ने किया था।
वर्ल्ड नंबर-1 की रेस हुई रोमांचक
सिनर इस टूर्नामेंट में कोई ATP रैंकिंग पॉइंट डिफेंड नहीं कर रहे हैं, ऐसे में उनके पास वर्ल्ड नंबर-1 बनने की रेस में बड़ा मौका है। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी Carlos Alcaraz तीसरे राउंड में सेबेस्टियन कोर्डा से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
फ्रांसेस टियाफो ने बचाए मैच पॉइंट, दर्ज की रोमांचक जीत
एक अन्य मुकाबले में Frances Tiafoe ने डिफेंडिंग चैंपियन जाकुब मेंसिक को रोमांचक मुकाबले में हराया। टियाफो ने दो मैच प्वाइंट बचाए और सातवें मैच प्वाइंट पर जीत दर्ज करते हुए 7-6, 4-6, 7-6 से मैच अपने नाम किया। अब टियाफो अगले राउंड में टेरेंस एटमाने से भिड़ेंगे, जिन्होंने टॉप-10 खिलाड़ी फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

