इस सप्ताह कोरोना आपातकाल हटाने की घोषणा कर सकता है जापान

punjabkesari.in Thursday, Jun 17, 2021 - 03:34 PM (IST)

टोक्यो : अगले महीने शुरू हो रहे ओलिम्पिक खेलों की तैयारियों को आखिरी रूप देने में जुटा जापान संक्रमण दर में कमी आने के बाद इस सप्ताह टोक्यो और 6 अन्य शहरों में कोरोना महामारी के कारण लगा आपातकाल हटाने की घोषणा कर सकता है। जापान में मार्च के बाद से एक समय रोजाना 7000 मामले सामने आ रहे थे और टोक्यो, ओसाका तथा अन्य महानगरों में गंभीर रूप से संक्रमित मरीजों सेअस्पताल भर गए थे। उसके बाद से हालांकि मरीजों की संख्या में कमी आई है।

प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा इस सप्ताह आपातकाल हटाने की घोषणा कर सकते हैं जो रविवार तक लागू है। ओलिम्पिक के आयोजन का आम जनता और चिकित्सा समुदाय द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद सुगा ने कहा कि वह 23 जुलाई से खेलों की सुरक्षित मेजबानी को लेकर प्रतिबद्ध हैं। चुनाव से पहले ओलिम्पिक का आयोजन सुगा के लिए राजनीतिक जुआ भी साबित हो सकता है।

महामारी से निपटने में सरकार के रवैये, टीकाकरण की धीमी गति और ओलिम्पिक के दौरान महामारी के नहीं फैलने देने के प्रयासों को लेकर कोई ठोस रणनीति के अभाव के कारण सरकार की काफी आलोचना हो रही है। विशेषज्ञों की गुरूवार को हुई बैठक में टोक्यो, इची, होकाइडो, ओसाका, क्योटो, हियोगो और फुकुओका से आपातकाल हटाने को प्रारंभिक मंजूरी दे दी गई। सरकार की कोरोना पैनल के प्रमुख डॉक्टर शिगेरू ओमि ने कहा कि हमें हरसंभव प्रयास करना होगा और ठोस वित्तीय मदद भी।

Content Writer

Jasmeet