कोचर के साथ 11 बार के एशियन टूर विजेता, गगनजीत भुल्लर भी होंगे शामिल
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 07:57 PM (IST)
सेंट लुइस : लिएंडर पेस की मेजबानी में होने IGPL 2026 के तीन चरणों वाले अफ्रीकी सेगमेंट में करनदीप कोचर के साथ 11 बार के एशियन टूर विजेता गगनजीत भुल्लर भी शामिल होंगे। अनाहिता गोल्फ कोर्स में नौ से 11 अप्रैल तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए जापान में एक शानदार सप्ताह के बाद, 27 वर्षीय कोचर सीधे वहां से मॉरीशस आ रहे हैं। वह जापान में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे।
इस साल एशियन टूर पर तीन टूर्नामेंटों में यह उनका दूसरा ‘टॉप-5' प्रदर्शन था। इस लेग में शामिल होने वालों में कोचर के अलावा 11 बार के एशियन टूर विजेता गगनजीत भुल्लर, आईजीपीएल 2025 के ऑडर्र ऑफ़ मेरिट में शीर्ष पर रहे पुखराज गिल और IGPL में कई बार जीत हासिल करने वाले अमन राज प्रमुख हैं।
लिएंडर पेस द्वारा आयोजित IGPL 2026 मॉरीशस के लिए तैयारी करते हुए कोचर ने कहा, 'मैं मॉरीशस जाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैंने कुछ साल पहले (2019 में) वहां अनाहिता कोर्स पर खेला था, जब इसे एशियन टूर, यूरोपियन टूर और सन शाईन टूर द्वारा संयुक्त रूप से मंजूरी मिली थी। और अब उसी गोल्फ कोर्स पर IGPL के लिए वापस जाना बहुत शानदार अनुभव है।'
इस लेग को लेकर कोचर ने कहा, 'मैंने पहले भी कहा है कि IGPL जैसा टूर खड़ा करना। जो अभी एक साल भी पुराना नहीं है, बल्कि असल में सिफऱ् छह महीने पुराना है और अंतरराष्ट्रीय सीरीज जैसी संस्थाओं के साथ जुड़ना तथा मॉरीशस में स्पर्धा लाना, यह दिखाता है कि इसकी लीडरशिप कितनी मजबूत है।'

