भारत और पाकिस्तान बने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के संयुक्त विजेता

punjabkesari.in Monday, Oct 29, 2018 - 09:10 AM (IST)

मस्कट: एशियाई हॉकी की 2 चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामैंट का खिताबी मुकाबला भारी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। भारतीय टीम चौथी बार और पाकिस्तानी टीम 5वीं बार फाइनल में पहुंची थी। भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामैंट में इससे पहले 2-2 बार चैम्पियन रह चुके थे। भारत ने पाकिस्तान को 2011 में पेनल्टी शूट आउट में 4-2 से और 2016 में पाकिस्तान को 3-2 से हराकर खिताब जीता था। पाकिस्तान ने 2012 में भारत को 5-4 से और 2013 में जापान को 3-1 से हराकर खिताब जीता था। 

भारत ने जकार्ता एशियाई खेलों में पाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक जीता था।  इससे पहले भारत और पाकिस्तान दोनों को शनिवार को अपने-अपने सेमीफाइनल जीतने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में एशियाई खेलों के रजत विजेता मलेशिया को पेनल्टी शूट आउट में 3-1 से पराजित किया जबकि भारत ने एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता जापान को 3-2 से पराजित किया। विश्व की पांचवें नंबर की टीम भारत ने लीग मैच में जापान को 9-0 से हराया था। इससे पहले भारत ने जकार्ता एशियाई खेलों में जापान को ग्रुप मैच में 8-0 से हराया था लेकिन यहां सेमीफाइनल में जापान से पार पाने में भारत को जूझना पड़ गया। 

भारत के आकाशदीप सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। भारत को 19वें मिनट में गुरजंत सिंह ने मैदानी गोल कर बढ़त दिलाई। हिरोताका वाकुरी ने 22वें मिनट में जापान को बराबरी पर ला दिया। चिंगलेनसाना सिंह ने 44वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर पर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। दिलप्रीत सिंह ने 55वें मिनट में गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया लेकिन जापान ने अगले ही मिनट में हिरोताका जेनदाना के गोल से स्कोर 2-3 कर दिया।

भारत ने जापान के खतरे को भांपते हुए अपने डिफेंस को मजबूत किया और एक गोल की बढ़त को बरकरार रखते हुए फाइनल में जगह बना ली। पहले फाइनल में पाकिस्तान और मलेशिया के बीच मुकाबला निर्धारित समय में 4-4 से बराबर रहा जिसके बाद पाकिस्तान ने शूट आउट में 3-1 से जीत हासिल की। 

Pardeep