IND vs ENG: जोस बटलर इतिहास रचने से सिर्फ 31 रन दूर, टी20I में बना सकते हैं अनोखा रिकॉर्ड

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 01:12 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेलने उतर रहे बटलर सिर्फ 31 रन बनाते ही ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे, जो आज तक कोई बल्लेबाज हासिल नहीं कर पाया है।

भारत के खिलाफ रच सकते हैं ऐतिहासिक रिकॉर्ड

जोस बटलर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 701 रन बनाए हैं। वहीं भारत के खिलाफ उनके नाम 669 रन दर्ज हैं। अगर वह पहले टी20 में 31 रन बना लेते हैं तो भारत के खिलाफ 700 रन पूरे कर लेंगे। इसके साथ ही बटलर टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन जाएंगे, जिन्होंने दो अलग-अलग देशों के खिलाफ 700 या उससे अधिक रन बनाए हों।

भारत के खिलाफ शानदार रहा है रिकॉर्ड

बटलर भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 25 पारियों में 669 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 31.85 और स्ट्राइक रेट 143.87 रहा है। उन्होंने भारत के खिलाफ पांच अर्धशतक भी जड़े हैं। भारत-इंग्लैंड टी20 मुकाबलों में भी सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बटलर के नाम है। उन्होंने विराट कोहली (648 रन) से 21 रन अधिक बनाए हैं।

बाबर आजम का रिकॉर्ड भी निशाने पर

अगर बटलर इस पूरी पांच मैचों की सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह पाकिस्तान के बाबर आजम का एक और बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। बाबर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 पारियों में 880 रन बनाए हैं, जो किसी एक टीम के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन हैं। दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 पारियों में 794 रन बनाए हैं।

टी20I में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

जोस बटलर इस समय टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 155 मैचों में 4,037 रन दर्ज हैं, जिसमें एक शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। इस सूची में बाबर आजम (4,596 रन) पहले, रोहित शर्मा (4,231 रन) दूसरे और विराट कोहली (4,188 रन) तीसरे स्थान पर हैं।

फॉर्म नहीं, लेकिन IPL में किया था दमदार प्रदर्शन

हालांकि अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में बटलर की हालिया फॉर्म अच्छी नहीं रही है। उनका पिछला टी20I अर्धशतक सितंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आया था। इसके बाद वह लगातार 15 टी20 पारियों में पचास का आंकड़ा नहीं छू सके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 भी उनके लिए निराशाजनक रहा। हालांकि आईपीएल 2026 में उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए शानदार बल्लेबाजी की। 17 पारियों में उन्होंने 526 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल रहे।

1 जुलाई से शुरू होगी सीरीज

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। आयरलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज हार के बाद भारतीय टीम वापसी की कोशिश करेगी, जबकि इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत से मिली हार के बाद पहली बार टी20 मैदान पर उतरेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News