जूनियर हॉकी विश्व कप : अर्जेंटीना ने मिस्र को 14-0 से रौंदा

punjabkesari.in Thursday, Nov 25, 2021 - 06:51 PM (IST)

भुवनेश्वर : विश्व की बेहतरीन हॉकी टीमों में से एक अर्जेंटीना जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2021 में पूल डी के दूसरे मैच में मिस्र को 14-0 से रौंद दिया। टूर्नामेंट के दूसरे दिन का यह पहला मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा रहा। अर्जेंटीना ने मैच में शुरुआत से ही दबदबा बनाया और विपक्षी मिस्र को दबाव में डाल दिया। फैकुंडो जराटे ने तीसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दाग कर स्कोर का खाता खोला। इसके बाद अर्जेंटीनियाई खिलाडिय़ों की ओर से लगातार गोल दागे गए, जबकि मिस्र के खिलाड़ी दबाव में दिखे और एक भी गोल नहीं कर पाए।

अर्जेंटीना ने चारों क्वार्टर में गोल किए। तीसरे और चौथे क्वार्टर में सर्वाधिक नौ गोल आए, जबकि कुल 14 गोलों में से छह पेनल्टी कॉर्नर और दो पेनल्टी स्ट्रोक से आए। बाकी सब फील्ड गोल रहे। फैकुंडो जराटे तीन गोलों के साथ शीर्ष गोल स्कोरर रहे। उन्होंने तीसरे, 47वें और 58वें मिनट में गोल किए।

वहीं लौटारो डोमेने और बैटिस्टा कपुरर ने दो-दो गोल किए। दोनों ने क्रमश: 12वें और 58वें तथा 22वें और 44वें मिनट में स्कोर किया। इसके अलावा फ्रांसिस्को रुज ने 10वें, फ्रेंको एगोस्टिनी ने 25वें, इग्नासियो नारडोलिलो ने 39वें, लुसियो मेंडेज ने 46वें, जोकिन क्रूगर ने 47वें, ब्रूनो स्टेलेटो ने 48वें और जोकिन टोस्कैनी ने 51वें मिनट गोल किया।

दूसरी ओर मिस्र की टीम कड़ी मशक्कत के बावजूद एक भी गोल नहीं कर पाई और बुरी तरह से हार गई। अर्जेंटीना एकतरफा अंदाज में जीत के साथ महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल कर पूल डी की अंक तालिका में पहले नंबर पर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News