छक्के से जीत दिलाकर कार्तिक ने बनाया वो रिकाॅर्ड जो धोनी भी नहीं बना सके

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 12:23 AM (IST)

नई दिल्लीः निदाहस ट्राॅफी के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। कार्तिक ने अपनी पारी की शुरूआत छक्के से की और छक्के से ही खत्म की। इस दौरान उन्होंने 2 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 8 गेंदों पर 29 रनों की शानदार पारी खेली। बता दें कि किसी टी20 फाइनल मैच की आखिरी गेंद पर छक्का लगाने का  कारनामा पहले विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी भी नहीं कर पाए। 

किसी टी20 फाइनल मैच में आखिरी गेंद पर छक्का लगाने वाले खिलाड़ी-

1. चमारा कपुगेदरा (श्रीलंका)- 2010 में भारत के खिलाफ
2. इयोन मोर्गन (इंग्लैंड)- 2012 में भारत के खिलाफ
3. जुल्फिकार बाबर (पाकिस्तान)- 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ
4. वुसी सिबांडा (ज़िम्बाब्वे)- 2014 में नीदरलैंड के खिलाफ
5. दिनेश कार्तिक (भारत)- 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ 

निदाहस ट्राॅफी के फाइनल मैच में कार्तिक ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर आते ही छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद पर उन्होंने चौका लगाया। इसी फाॅर्म को बरकरार रखते हुए कार्तिक ने तीसरी गेंद पर फिर से छक्का लगाकर भारत की स्थिति मजबूत कर दी। चौथी गेंद खाली निकली और पांचवीं गेंद पर महज 2 रन लिए। 19वें ओवर की आखरी गेंद पर चौका लगाकर कार्तिक टीम को जीत की ओर ले गए। 20वें ओवर में 12 रनों की जरुरत थी। इस ओवर में पांचवीं गेंद पर विजय शंकर कैच दे बैठे। आखिरी गेंद पर कार्तिक को स्ट्राइक मिली, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने छक्का लगा टीम को जीत दिला दी।

Punjab Kesari