खेलो इंडिया का बजट 312 करोड़ बढ़ा, खिलाड़ी प्रोत्साहन राशि पर चली कैंची

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2020 - 04:52 PM (IST)

नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2020-21 के केंद्रीय बजट में युवा मामले और खेल मंत्रालय को दिए गए आवंटन में खेलो इंडिया युवा खेलों का बजट 312.42 करोड़ रुपए यानी करीब 54 प्रतिशत बढा कर 890 करोड़ रुपये से अधिक कर दिया है। सीतारमण ने शनिवार को आम बजट पेश किया जिसमें खेल मंत्रालय को 2826.92 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं जबकि वर्ष 2019-20 के संशोधित बजट में यह आवंटन 2776.92 करोड़ रुपए था।

वर्ष 2019-20 में खेलो इंडिया के लिए सालाना आवंटन 578 करोड़ रुपए था जो इस वर्ष के लिए बढ़ाकर 890.42 करोड़ रुपए कर दिया गया। वर्ष 2018 में अंडर-17 स्कूल और अंडर- 21 कालेज छात्रों के लिए शुरू किए गए इन खेलों का तीसरा सत्र हाल ही में गुवाहाटी में संपन्न हुआ। वहीं वर्ष 2020 -21 के लिए खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन और पुरस्कार की राशि पिछले साल की तुलना में काफी कम कर दी गई है। नए वित्त वर्ष में इस मद के तहत आवंटन 372 करोड़ रुपए है।

वर्ष 2019-20 में इस मद में 496 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। वित्त मंत्री ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के बजटीय आवंटन को भी चालू वित्त वर्ष के 615 करोड़ रुपये से घटा कर 500 करोड़ रुपए कर दिया है। साइ देश के खिलाडिय़ों के लिये राष्ट्रीय शिविरों, बुनियादी ढांचे, उपकरणों और अन्य लाजिस्टिक की व्यवस्था करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Jasmeet

Recommended News

Related News