खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स : 200 मीटर में भी दुती चंद का जलवा, जीता स्वर्ण पदक

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2020 - 06:39 PM (IST)

भुवनेश्वर : भारत की सबसे तेज धाविका दुती चंद ने पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रविवार को 200 मीटर का स्वर्ण पदक जीत लिया। कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) का प्रतिनिधित्व कर रही 24 वर्षीय दुती ने 23.66 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि मुंबई यूनिवर्सिटी की कीर्ति विजय भोइते ने 24.98 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक जीता। उतकल यूनिवर्सिटी की दीपाली महापात्रा ने 25.19 सेकेंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता।

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी दुती ने इससे पहले शनिवार को 100 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीता था। दुती ने कहा, ‘200 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीतना काफी सुखद है। 100 मीटर दौड़ में थोड़ी मुश्किल होती है लेकिन 200 मीटर में दौड़ना थोड़ा आसान है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स हमारे राज्य ओडिशा के लिए एक अच्छा टूर्नामेंट है। इसका आयोजन एशियाई खेलों की तरह किया जा रहा है जहां खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, रहना और खाने जैसी सभी बेहतर सुविधाएं दी जा रही है।'

उन्होंने कहा, ‘मेरे ख्याल से भारत में हर महीने दो प्रतियोगिता होनी चाहिए। देश में जितनी प्रतियोगिताएं होंगी उतने ही अच्छे खिलाड़ी देश को मिलेंगे। सिफर् ट्रेनिंग से कुछ नहीं होता। कड़ी मेहनत और ट्रेनिंग के साथ-साथ टूर्नामेंट में भाग लेना भी काफी जरुरी है।' 

Sanjeev