6 छक्के लगाने के बाद पोलार्ड का बयान आया सामने, बताया- छठी गेंद पर क्या चल रहा था दिमाग में

punjabkesari.in Thursday, Mar 04, 2021 - 12:58 PM (IST)

नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टी-20 में विंडीज ऑलराऊंड कैरोन पोलार्ड ने एक ओवर में 6 छक्के लगाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब तक इंटरनैशनल क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के हर्षल गिब्स और भारत के युवराज सिंह ही एक ओवर में छह छक्के लगा पाए थे। बहरहाल, कैरोन पोलार्ड ने श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने के बाद बताया कि उक्त ओवर के दौरान उनके दिमाग में क्या चल रहा था। 

पोलार्ड ने श्रीलंका के अकिला दानंजय की पहली गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का मारा। दूसरी गेंद को सीधा शॉट मारा। तीसरी गेंद लॉन्ग-ऑफ बाऊंड्री पार हो गई। चौथी गेंद को मिड विकेट बाउंड्री से बाहर भेजा गया। पांचवीं गेंद एक बार फिर मैदान से बाहर गिरी। छठी को मिड विकेट से बाऊंड्रीज पार भेजा गया। पोलार्ड ने कहा- जब मैंने तीसरा छक्का लगाया तो मैंने सोचा कि मैं इस अेवर में छह छक्के लगा सकता हूं। क्योंकि एक-दो छक्के लगाने के बाद मुझे समझ आ गया था कि पिच कैसे खेल रही है।

पोलार्ड ने कहा- ऐसे समय में सकारात्मक होना जरूरी रहता है। पिच पर अपने शॉट्स खेलना महत्वपूर्ण था। फिर जब उक्त ओवर की आखिरी गेंद आई तो मैंने सोचा कि क्या मुझे छक्के के लिए जाना चाहिए या ओवर में 30 रन काफी है। फिर मन में ख्याल आया। रुको पोली, एक मौका और लो। मैं अक्सर ऐसा करता हूं। मुझे फायदा हुआ।
 

Content Writer

Jasmeet