KKR को एक और झटका, बड़े खिलाड़ी को अभी तक नहीं मिली IPL खेलने की मंजूरी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 02:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं और हर गुजरते मैच के साथ उनका प्रदर्शन और खराब होता जा रहा है। मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पहले दो मैच हारने के बाद KKR का पंजाब किंग्स के खिलाफ हालिया मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। एक तरफ टीम पहले से ही चोटों की कई समस्याओं से जूझ रही है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें एक और बड़ा झटका लगा है। श्रीलंकाई पेसर मथीशा पथिराना को अभी तक श्रीलंका क्रिकेट (SLC) से 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) नहीं मिला है। 

क्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के मुताबिक SLC ने इस बात की पुष्टि की है कि वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना उन 15 केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने अभी तक अनिवार्य फिटनेस टेस्ट नहीं दिए हैं। वहीं 6 अन्य खिलाड़ी कम से कम एक बार टेस्ट में फेल हो चुके हैं। पथिराना को टी20 विश्व कप 2026 के दौरान पिंडली (calf) में खिंचाव आ गया था, उन्होंने हाल ही में नेट्स में गेंदबाजी शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार वह अप्रैल के मध्य तक भारत में IPL टीम से जुड़ सकते हैं। हालांकि SLC द्वारा अनिवार्य किए गए उनके फिटनेस टेस्ट की कोई आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि यह टेस्ट अगले एक हफ्ते के भीतर हो जाएगा। 

हसरंगा जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदा है, वह इस समय बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में लगी चोट से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है, क्योंकि उन्होंने अभी तक NOC के लिए आवेदन नहीं किया है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए श्रीलंका के 45 केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों में से केवल 24 खिलाड़ी ही फिटनेस टेस्ट पास कर पाए हैं। खिलाड़ियों के टेस्ट में शामिल न हो पाने के पीछे चोटों से जुड़ी चिंताओं से लेकर लॉजिस्टिक्स (आवागमन) से जुड़ी समस्याएं तक कई कारण हैं। गौर हो कि IPL 2026 से पहले ही SLC ने यह साफ कर दिया था कि जो खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति चाहेंगे, उन्हें NOC तभी दी जाएगी जब वे अनिवार्य 'फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट' सफलतापूर्वक पास कर लेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News