KKR जीता, लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे के नाम IPL में जुड़ गया शर्मनाक रिकॉर्ड

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 08:30 PM (IST)

कोलकाता (पश्चिम बंगाल) : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) जहां IPL 2026 में छह मैचों के बाद पहली जीत मिली वहीं KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे का नाम एक ऐसी लिस्ट में शामिल हो गया है जिसमें कोई भी खिलाड़ी नहीं आना चाहेगा। IPL के इतिहास में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा बार 'डक' (बिना कोई रन बनाए आउट होना) होने का रिकॉर्ड अब उनके नाम हो गया है। 

अपनी खराब फॉर्म को जारी रखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे रविवार को ईडन गार्डन्स में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ IPL 2026 के मैच में सिर्फ दो गेंद खेलकर बिना कोई रन बनाए (डक) आउट हो गए। यह लगातार दूसरी बार था जब वह बिना कोई रन बनाए आउट हुए। इससे पहले KKR के पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ वह 'गोल्डन डक' (पहली ही गेंद पर आउट) हुए थे। 

अब IPL में ओपनर के तौर पर रहाणे के नाम 12 'डक' हो गए हैं जो इस भूमिका में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे ज्यादा रिकॉर्ड है। पार्थिव पटेल एकमात्र ऐसे दूसरे ओपनर हैं जिन्होंने इस लीग में 10 से ज्यादा बार 'डक' होने का रिकॉर्ड बनाया है। 

रहाणे ने IPL 2026 के अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 40 गेंदों में 67 रन बनाए थे। हालांकि उसके बाद से उनकी फॉर्म में गिरावट आई है। KKR के कप्तान अब तक खेले गए अपने 7 मैचों में से चार में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। रहाणे ने 7 मैचों में कुल 152 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। उनका औसत 25.33 रहा है। 

गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद रिंकू सिंह (नाबाद 53) और अनुकूल रॉय (नाबाद 29) रनों की पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को दो गेंदें शेष रहते राजस्थान रॉयल्स (RR) चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह 7 मैचों में KKR की पहली जीत है। 85 रन पर छह विकेट गंवा चुकी KKR को रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की जोड़ी ने 19.4 ओवरों में 161 रन बनाकर चार विकेट से जीत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच 76 रनों की अविजित साझेदारी हुई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News