धोनी को पीछे छोड़ेंगे केएल राहुल? सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस बड़े रिकॉर्ड पर नजरें
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 02:00 PM (IST)
हैदराबाद (तेलंगाना) : दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले छठे खिलाड़ी बनने से मात्र 50 रन दूर हैं। अगर वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ ये रन बना लेते हैं तो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ देंगे।
इस सीजन में इस स्टाइलिश सलामी बल्लेबाज (राहुल) ने बल्ले से अपना आक्रामक अंदाज दिखाया है। उन्होंने लगभग 170 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं और हर 2.6 गेंदों पर एक बाउंड्री लगाई है। IPL के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी RCB के विराट कोहली हैं। उन्होंने 273 मैचों और 265 पारियों में 39.76 की औसत और 133.43 के स्ट्राइक रेट से कुल 8,908 रन बनाए हैं। इसमें 8 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं।
केएल राहुल ने अपने IPL करियर में अब तक 150 मैचों और 141 पारियों में 45.67 की औसत और 136.83 के स्ट्राइक रेट से कुल 5390 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और 42 अर्धशतक शामिल हैं। DC में शामिल होने से पहले उन्होंने SRH, RCB, पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 132* है।
दूसरी ओर CSK के दिग्गज धोनी ने, जिन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए भी दो सीजन खेले हैं, ने 278 मैचों और 242 पारियों में 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से कुल 5,439 रन बनाए हैं। इसमें 24 अर्धशतक और 84* का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है। राहुल का मौजूदा आईपीएल में मिश्रित प्रदर्शन रहा है। उन्होंने 5 पारियों में 33.60 के औसत और 168.00 के स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्द्धशतक और 92 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

