IPL 2026: पावरप्ले को लेकर KL राहुल का बड़ा बयान: ज्यादा गेंदें नहीं मिलीं, लेकिन टीम की जीत अहम
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 10:52 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज KL राहुल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार जीत के बाद अपनी पारी को लेकर खुलकर बात की। मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने राहुल ने कहा कि वह पावरप्ले में कुछ और गेंदें खेलना चाहते थे, लेकिन साथी बल्लेबाज़ के शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिला।
राहुल ने कहा, 'मैं उम्मीद कर रहा था कि पावरप्ले में मुझे थोड़ी और गेंदें खेलने को मिलेंगी। लेकिन जिस तरह पथुम बल्लेबाज़ी कर रहे थे, मेरे लिए ज्यादा कुछ करने को नहीं था। मैं बस दूसरे छोर से उनकी बल्लेबाज़ी का आनंद ले रहा था।'
निसांका की तूफानी पारी ने दिलाई तेज शुरुआत
पथुम निसांका ने पावरप्ले में ही आक्रामक अंदाज़ अपनाते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी इस तेज पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में बिना विकेट खोए 70 रन बना लिए।
राहुल ने निसांका की तारीफ करते हुए कहा, 'जिस तरह उन्होंने बल्लेबाज़ी की, उसने हमें मैच में आगे ला दिया। यही हम पावरप्ले से उम्मीद करते हैं—शुरुआत में ही विपक्ष पर दबाव बनाना।'
राहुल-निसांका की साझेदारी बनी जीत की नींव
दोनों ओपनर्स के बीच 110 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिसमें निसांका ने 33 गेंदों पर 62 रन बनाए। राहुल ने कहा कि दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती, लेकिन वे एक-दूसरे को आक्रामक क्रिकेट खेलने की याद दिलाते रहते हैं।
उन्होंने कहा, 'हम बस यही कहते हैं कि सही क्रिकेट शॉट खेलो और पावरप्ले में जितना हो सके उतना आक्रामक रहो। निसांका ने इस सीजन में अच्छा खेला है, लेकिन 40 के पार नहीं जा पा रहे थे। पहला अर्धशतक उनके आत्मविश्वास को जरूर बढ़ाएगा।'
आधुनिक टी20 के अनुसार बदला खेल का अंदाज़
राहुल ने अपनी स्ट्राइक रेट को लेकर भी खुलकर बात की, जो पिछले कुछ सालों से चर्चा का विषय रही है। उन्होंने माना कि उन्होंने इस पहलू पर काफी मेहनत की है और अब टीम की जरूरत के अनुसार खेल रहे हैं।
राहुल ने कहा, 'स्ट्राइक रेट पर काफी समय से बात हो रही थी। मैंने इस पर मेहनत की है और अब मैं वही कर रहा हूं जो टीम और आधुनिक टी20 क्रिकेट की मांग है। यह मेरे लिए संतोषजनक है।'
75 रन की मैच जिताऊ पारी
राहुल ने इस मैच में 40 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे। जब वह आउट हुए, तब टीम जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी। उनकी इस पारी ने दिल्ली की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे राहुल
यह राहुल के आईपीएल करियर का 17वां ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड था। वह इस समय ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं। अब तक खेले गए 9 मैचों में राहुल ने 433 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 54.12 और स्ट्राइक रेट 185.83 है। इस सीजन में उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं।

