केएल राहुल ने रचा इतिहास, तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 08:53 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मुकाबले के दौरान केएल राहुल ने अपने IPL करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। राहुल की पारी 23 रन पर ही समाप्त हो गई, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के इस बल्लेबाज ने IPL के इतिहास में ऐसा पहला खिलाड़ी बनकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया जिसने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए 1000 से ज़्यादा रन बनाए हों।
राहुल ने अब पंजाब किंग्स के लिए कुल 2548 रन, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 1410 रन और दिल्ली कैपिटल्स के लिए 1002 रन बनाए हैं। यह उपलब्धि इस टूर्नामेंट में पिछले कुछ सालों के दौरान अलग-अलग टीमों और बैटिंग भूमिकाओं में उनकी निरंतरता को दर्शाती है।
केएल राहुल का विकेट पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर गिरा जब कार्तिक त्यागी ने एक धीमी गेंद डालकर राहुल को चकमा दे दिया। गेंद को कवर के ऊपर से 'इनसाइड-आउट' शॉट लगाकर हवा में उछालने की कोशिश में राहुल गेंद की पिच तक नहीं पहुंच पाए और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर मिड-ऑन की तरफ हवा में ऊंची चली गई, जहां कैमरन ग्रीन ने एक शानदार कैच लपक लिया।
जल्दी आउट हो जाने के बावजूद, राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए 1000 रन का आंकड़ा सबसे तेजी से छूने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने यह कमाल सिर्फ 23 पारियों में कर दिखाया और इस तरह उन्होंने JP डुमिनी और ऋषभ पंत के नाम दर्ज पिछले रिकॉर्ड को आसानी से पीछे छोड़ दिया। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने 35-35 पारियां खेली थीं। इतना ही नहीं राहुल IPL में 1000 रन बनाने के लिए सबसे कम पारियां खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।
किसी एक टीम के लिए IPL में 1000 रन बनाने के लिए सबसे कम पारियां
20 क्रिस गेल (RCB)
21 शॉन मार्श (PBKS)
23 लेंडल सिमंस (MI)/ केएल राहुल (PBKS)/ केएल राहुल (DC)
24 डेवोन कॉनवे (CSK)
25 मैथ्यू हेडन (CSK)/ साई सुदर्शन (GT)

