केएल राहुल का अर्धशतक, 325 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक के दो विकेट पर 113 रन
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 08:15 PM (IST)
मुंबई : भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (नाबाद 60 रन) के शानदार अर्धशतक से कर्नाटक ने रविवार को यहां रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के तीसरे दिन मुंबई के 325 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टंप तक दो विकेट पर 113 रन बना लिए। राहुल 94 गेंद में सात चौके की मदद से 60 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उन्होंने कप्तान देवदत्त पडिक्कल (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े। कर्नाटक को अभी जीत के लिए 212 रन की जरूरत है।
राहुल के साथ दूसरे छोर पर करुण नायर 9 रन बनाकर खेल रहे हैं। मुंबई के लिए ऑफ स्पिनर तनुष कोटियन और कप्तान शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले मुंबई ने सुबह दूसरी पारी दो विकेट पर 189 रन से आगे शुरू की। विकेटकीपर आकाश आनंद (70) ने अपने रात के स्कोर में 17 रन जोड़े जबकि मुशीर खान ने 49 रन बनाए।
तनुष कोटियान ने नाबाद 48 रन जबकि तुषार देशपांडे ने 47 रन की पारी खेली जिससे मुंबई की टीम 98.3 ओवर में 377 रन पर ऑल आउट हो गई। उसने कर्नाटक के सामने जीत के लिए 325 रन का लक्ष्य रखा। स्पिनर शिखर शेट्टी कर्नाटक के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 45 रन देकर तीन विकेट झटके। विद्याधर पाटिल और विद्वथ कावेरप्पा ने दो दो विकेट लिए।
कर्नाटक ने मुंबई को पहली पारी में 120 रन पर ऑल आउट कर दिया और फिर 173 रन बनाकर पहली पारी की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी। मुंबई के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दोनों पारियों में संघर्ष करते दिखे, उन्होंने क्रमशः पांच और 36 रन बनाए।

