IND vs AFG ODI: संजू सैमसन से पहले ईशान किशन को क्यों मिला मौका? जानें बड़ी वजह

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:00 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्कः अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। इस टीम में ईशान किशन की लंबे समय बाद वापसी हुई है, जबकि संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ को मौका नहीं मिला।

संजू सैमसन ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन अर्धशतक लगाए थे, वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने अपने पिछले वनडे मैच में शतक जड़ा था। इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिली। अब इस फैसले के पीछे की बड़ी वजह सामने आई है।

वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखकर चुने गए ईशान

सूत्रों के मुताबिक चयनकर्ताओं ने ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में खेलने की क्षमता को प्राथमिकता दी। खासतौर पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उन्हें टीम में शामिल किया गया है। एक सूत्र के मुताबिक, 'ऋतुराज, ईशान और संजू को लेकर काफी चर्चा हुई थी। आखिर में पैनल ने ईशान किशन को चुना क्योंकि उनका वनडे अनुभव, टेम्परामेंट और बड़े शॉट खेलने की क्षमता दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में टीम के काम आ सकती है।'

संजू और गायकवाड़ के लिए दरवाजे बंद नहीं

हालांकि चयनकर्ताओं ने साफ किया है कि संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ अभी भी वनडे योजनाओं का हिस्सा हैं। आने वाले समय में अगर जरूरत पड़ी तो दोनों खिलाड़ियों को फिर मौका मिल सकता है। सूत्र ने कहा, 'संजू और ऋतुराज अभी भी अगले असाइनमेंट्स के लिए पहली पसंद में शामिल हैं।'

IPL 2026 में ईशान और संजू का प्रदर्शन

IPL 2026 में ईशान किशन शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने अब तक 490 रन बनाए हैं। वहीं संजू सैमसन भी ज्यादा पीछे नहीं हैं और उनके नाम 477 रन दर्ज हैं। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का सीजन उतना अच्छा नहीं रहा। उन्होंने लीग चरण में अब तक 321 रन बनाए हैं।

शतक लगाने के बावजूद नहीं मिली जगह

दिलचस्प बात यह है कि ऋतुराज गायकवाड़ ने अपने पिछले वनडे मैच में शतक लगाया था। उन्होंने दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 83 गेंदों में 105 रन बनाए थे। वहीं संजू सैमसन ने भी दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने आखिरी वनडे मैच में शतक जड़ा था। इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों को अफगानिस्तान सीरीज के लिए नहीं चुना गया।

दो साल बाद ODI टीम में लौटे ईशान किशन

ईशान किशन ने आखिरी बार दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में दोहरा शतक लगाया था। इसके बाद वह लगातार टीम से बाहर रहे। उन्होंने अब तक 27 वनडे मैचों में 933 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 42.40 और स्ट्राइक रेट 102.19 का रहा है। उनके नाम एक शतक और सात अर्धशतक दर्ज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News