कोहली-अनुष्का की शादी को हुए 3 साल, विराट ने भरे स्टेडियम में किया था प्यार का इजहार

punjabkesari.in Friday, Dec 11, 2020 - 11:36 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने बालीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा से लंबे रिलेशनशिप के बाद आज ही के दिन 2017 में शादी की थी। इस खास मौके पर आज कोहली ने शादी की एक फोटो शेयर की है जिसमें दोनों एक दूसरे की तरफ देखकर मुस्कुराते हुए नजर आए।

इस फोटो को कोहली ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, 3 साल और जीवन भर साथ में। इस तस्वीर को लोग खूब प्यार दे रहे हैं। 

ऐसे शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी 

साल 2013 में एक शैम्पू के ऐड शूट के दौरान अनुष्का और विराट मिले पहली बार मिले थे। इसके बाद दोनों में डेटिंग का सिलसिला शुरू हुआ। 2014 के साउथ अफ्रीका टूर के दौरान अनुष्का उसी होटल में ठहरी थी जहां इंडियन क्रिकेट टीम रूकी थी जिसके बाद दोनों के अफेयर की खबरें उड़ने लगी। इसके बाद मुंबई में कोहली अनुष्का को अपनी कार में उनके घर छोड़ते हुए भी नजर आए थे। 

इन सब अफवाहों के बीच कोहली और अनुष्का लगातार अपने रिलेशनशिप छिपा रहे थे। इसी बीच 2014 की फरवरी में दोनों को न्यूजीलैंड की गलियों में हाथों में हाथ डाले देखा गया। तब भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर थी, इसके बाद जब अनुष्का श्रीलंका में अपनी फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' की शूटिंग के दौरान गई थी तब वह विराट को उनके 26वें जन्मदिवस पर बधाई देने के लिए उदयपुर आई थीं। 

भरे स्टेडियम में फ्लाइंग किस देकर किया था प्यार का इजहार 

अफवाहें ज्यादा फैली तो 2014 के अंत में उन्होंने यह घोषणा कर ही दी कि वह और अनुष्का एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। इस दौरान 2014 में ही श्रीलंका के खिलाफ एक मैच दौरान जब विराट कोहली ने शतक लगाया तो दर्शकों के बीच बैठी अनुष्का शर्मा की तरफ उन्होंने फ्लाइंग किस दिया था। तब से यह बात साफ हो गई थी कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। विराट कोहली ने भी खुलकर कहा कि हां, हम किसी से कुछ भी छिपाएंगे नहीं, क्योंकि हम आम इंसान नहीं हैं। आम इंसान की तरह हमें अपने रिलेशन को छिपाने की जरूरत नहीं है। 

इसके बाद विराट और अनुष्का कई तरह के विज्ञापन में भी दिखे। विराट और अनुष्का ने मान्यवर के एक विज्ञापन में साथ काम किया। ये विज्ञापन एक शादी की थीम पर आधारित था, जिसमें दोनों एक-दूसरे से प्यार भरे वादे करते नजर आए। उनके विज्ञापन का यह वीडियो काफी वायरल हुआ और लोगों ने दोनों को काफी पसंद भी किया। 

Sanjeev