कोरिया को 4-1 से पीटकर महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची

punjabkesari.in Saturday, Aug 25, 2018 - 09:03 PM (IST)

जकार्ताः गुरजीत कौर के दो गोलों की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने कोरिया को शनिवार को 4-1 से पीटकर 18वें एशियाई खेलों की हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत की पूल बी में यह लगातार तीसरी जीत है और वह नौ अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर आ गया है। कोरिया को पहली हार का सामना करना पड़ा और वह छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। 

बराबरी पर था पहला हाॅफ
भारत ने इससे पहले इंडोनेशिया को 8-0 से और कजाखिस्तान को 21-0 से हराया था। भारत का आखिरी पूल मुकाबला सोमवार को थाईलैंड से होना है।  पहले क्वार्टर तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी लेकिन दूसरा क्वार्टर शुरू होते ही नवनीत कौर ने 16वें मिनट में पहला गोल कर दिया। यूरीम ली ने 21वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पहले हॉफ तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।   

तीसरा क्वार्टर भी बराबरी पर गुजरा। लेकिन भारत ने अंतिम सात मिनट में तीन गोल कर मैच अपने पक्ष में कर लिया। गुरजीत कौर ने 54वें मिनट में दूसरा और 55वें मिनट में तीसरा गोल कर भारत की स्थिति मजबूत कर दी। गुरजीत ने दोनों गोल पेनल्टी कार्नर पर किए। वंदना कटारिया ने 56वें मिनट में भारत का चौथा गोल कर कोरिया का संघर्ष समाप्त कर दिया।  

Rahul