श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा राजस्थान रॉयल्स में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 08:14 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : श्रीलंका के महान बल्लेबाज और आधुनिक क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार कुमार संगकारा एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार हैं। राहुल द्रविड़ के पद छोड़ने के बाद संगकारा कोचिंग स्टाफ का नेतृत्व करेंगे और पहले ही 2026 सीज़न की रणनीति बनाना शुरू कर चुके हैं। 2021 से फ्रैंचाइज़ी से जुड़े संगकारा का सफर अब और अहम मोड़ लेने जा रहा है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम की कप्तानी को लेकर है, क्योंकि संजू सैमसन ने खुद 2025 सीज़न के बाद रिलीज़ किए जाने की इच्छा जताई है।

पुराना रिश्ता और उपलब्धियां 

संगकारा 2021 से राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक हैं और इस दौरान वे मुख्य कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में फ्रैंचाइज़ी ने चार में से दो सीजन में प्लेऑफ तक सफर तय किया। 2022 में टीम ने 14 साल बाद फाइनल में जगह बनाई, हालांकि खिताब से चूक गई। 

द्रविड़ का छोटा कार्यकाल 

राहुल द्रविड़, जिन्होंने बतौर कप्तान और मेंटर पहले भी RR से जुड़ाव रखा था, को 2024 में भारत को टी20 विश्व कप जिताने के बाद फ्रैंचाइज़ी ने मुख्य कोच बनाया था। मगर उनका कार्यकाल लंबा नहीं चला और अब यह जिम्मेदारी वापस संगकारा को मिली है। 

कप्तानी पर सबसे बड़ा सवाल 

संगकारा की पहली चुनौती कप्तानी का मसला सुलझाना होगी। मौजूदा कप्तान संजू सैमसन ने 2025 सीज़न के बाद रिलीज़ किए जाने की इच्छा जताई है। चोटों से जूझते सैमसन पिछले सीज़न केवल नौ मैच ही खेल पाए थे। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स को भविष्य के लिए ठोस फैसला करना होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News