हर मैच में 156 की स्ट्राइक रेट से पीट रहे गेल-राहुल, सामने आए आंकड़े

punjabkesari.in Friday, May 04, 2018 - 09:22 PM (IST)

जालन्धर : होलकर स्टेडियम में आखिरकार गेल का बल्ला चला। पंजाब किंग्स इलैवन के इस सलामी बल्लेबाज ने अपनी ओपनिंग पार्टनर लोकेश राहुल के साथ एक बार से पंजाब को तूफानी शुरुआत दी। दोनों पांचवें मैच में बतौर ओपनर उतरे थे। पांचों में वह 156 की स्ट्राइक रेट से विरोधी टीमों के गेंदबाजों को पीटते हुए रन बना रहे हैं। इन सब में खास बात यह है कि दोनों ने चार बार पचास से ज्यादा तो एक बार सौ से ज्यादा की पार्टनरशिप की है।

टूर्नामैंट में सबसे ज्यादा छक्के लगा चुके क्रिस गेल के साथ लोकेश राहुल ने अब तक ओपनिंग दौरान 239 गेंदों का सामना किया है। इस दौरान वह 156 की स्ट्राइक रेट से 374 रन बना चुके हैं जोकि हर हाल में ओपनिंग पार्टनरशिप के लिए शानदार रिकॉर्ड कहा जा सकता है। बता दें कि दोनों की जोड़ी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पंजाब के तीसरे मैच में बनी थी। इस मैच में दोनों ने महज 48 गेंदों में 94 रन जोड़ दिए थे।

इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच दौरान दोनों ने 47 गेंद में 53 रन बनाए। इसी मैच में क्रिस गेल ने इस सीजन का अपना पहला शतक लगाया था। तीसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ था जिसमें 58 गेंदों में दोनों ने 116 रन बनाए थे। इस तेज तर्रार पार्टनरशिप में आठ छक्के और 14 चौके शामिल थे। इसके बाद दिल्ली के खिलाफ मैच था जिसमें गेल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण खेले नहीं थे। हैदराबाद के खिलाफ दोनों की जोड़ी फिर से बनी और इन्होंने 47 गेंद में 55 रन बनाए। अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी दोनों ने महज 39 गेंदों में 54 रन की रिकॉर्ड साझेदारी निभाई।

गेल फिर बने सिक्सर किंग
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच दौरान गेल ने अपनी पारी में दो छक्के लगाए। ऐसा कर उनके नाम पर सीजन में कुल 25 छक्के हो गए हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा जिनके नाम पर इस सीजन में 24 छक्के मारने का रिकॉर्ड दर्ज है।

Punjab Kesari