लक्ष्मण और आशीष नेहरा पीछे हटे! T20 World Cup 2024 तक कोच बने रहेंगे राहुल द्रविड़

punjabkesari.in Wednesday, Nov 29, 2023 - 07:41 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के क्रिकेट विश्व कप 2023 में प्रदर्शन को क्रिकेट बोर्ड सराहा है और भारतीय टीम की लय को बरकरार रखने के लिए मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) और उनके सहयोगी स्टाफ के अनुबंध में विस्तार किया है। बोर्ड ने एक बयान में कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और टीम इंडिया (सीनियर पुरूष) के सहयोगी स्टाफ के अनुबंध में विस्तार का ऐलान करता है। बोर्ड ने विश्व कप के बाद द्रविड़ का कार्यकाल पूरा होने पर उनसे बातचीत की और सर्वसम्मति से उनका कार्यकाल बढ़ाने का फैसला किया गया।

 

 

द्रविड़ के साथ उनके सहयोगी स्टाफ में शामिल बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़, गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे और क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप के अनुबंध में भी विस्तार किया गया है। समझा जाता है कि वह कम से कम अगले साल जून जुलाई में अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप तक पद पर रहेंगे। यह जिक्र करना भी जरूरी है कि गुजरात टाइटंस के कोच आशीष नेहरा कभी भी राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नहीं बनना चाहते थे। उन्होंने हमेशा से कहा है कि वह गुजरात टाइटंस के साथ 2025 तक का अपना करार पूरा करेंगे।

 

लक्ष्मण एन.सी.ए. से जुड़े रहेंगे
द्रविड़ के ब्रेक लेने पर अंतरिम कोच का काम करने वाले एन.सी.ए. प्रमुख वी.वी.एस. लक्ष्मण ने संभवत: बोर्ड को सूचित किया है कि वह भारत ए टीम, भारत अंडर 19 टीम और बेंगलुरू में एन.सी.ए. के नए ढांचे से जुड़े क्रिकेट मसलों पर काम करके खुश हैं। बोर्ड ने कहा कि बोर्ड एन.सी.ए. प्रमुख और कार्यवाहक मुख्य कोच के तौर पर वी.वी.एस. लक्ष्मण के काम की भी सराहना करता है।

 

द्रविड़ को बोर्ड का पूरा समर्थन रहेगा : जय शाह
आई.सी.सी. ट्रॉफी जीतने की कवायद में द्रविड़ को बोर्ड का पूरा समर्थन रहेगा। भारतीय टीम पिछले एक दशक से कोई आई.सी.सी. खिताब नहीं जीत सकी है। फाइनल से पहले लगातार 10 मैच जीतने वाली भारतीय टीम का विश्व कप अभियान असाधारण रहा। इसके लिए सही प्लेटफॉर्म तैयारी करने वाले मुख्य कोच (द्रविड़) सराहना के पात्र हैं। -जय शाह, बी.सी.सी.आई. सचिव 

 

मैं परिवार के सहयोग की सराहना करता हूं : द्रविड़
इस पद के लिए काफी लंबा समय घर से दूर रहना पड़ता है। मैं अपने परिवार के बलिदान और सहयोग की सराहना करता हूं। पर्दे के पीछे काम करने वालों की भूमिका अहम होती है। विश्व कप के बाद नई चुनौतियों का सामना करते हुए हम उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध हैं। -राहुल द्रविड़

 

मुझे खुशी है वह कोच बने रहेंगे : बिन्नी
भारतीय टीम का प्रदर्शन उनके शानदार मार्गदर्शन की बानगी देता है। मुझे खुशी है कि उन्होंने मुख्य कोच बने रहना स्वीकार कर लिया। इससे बी.सी.सी.आई. और उनके बीच आपसी सम्मान का पता चलता है। -रोजर बिन्नी, बी.सी.सी.आई. अध्यक्ष 

Content Writer

Jasmeet