चोला ग्रैंडमास्टर्स शतरंज : टेर-सहक्यान को हराकर लियोन अकेले शीर्ष पर

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 09:26 PM (IST)

प्रणेश-कार्तिकेयन मुकाबला ड्रॉ, अरविंद का लगातार तीसरा ड्रॉ

चेन्नई ( निकलेश जैन) प्रथम चोला चेस ओपन इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के पांचवें राउंड में गोवा के ग्रैंडमास्टर लियोन ल्यूक मेंडोंसा ने दूसरे बोर्ड पर आर्मेनिया के ग्रैंडमास्टर सैमवेल टेर-सहक्यान को हराया। इस जीत के साथ मेंडोंसा 4.5 अंकों पर अकेले शीर्ष पर पहुंच गए हैं। पांच राउंड में चार जीत और एक ड्रॉ के साथ वे अब तक एक भी बाजी नहीं हारे हैं। क्वीन पान ओपनिंग में हुए मुकाबले में लियोन नें वजीर और हाथियों के एंडगेम में अपने प्यादों को आक्रामक अंदाज़ में खेलते हुए बोर्ड पर अधिकतर हिस्सा अपने नियंत्रण में लेते हुए 67 चालों में जीत दर्ज की.  पहले बोर्ड पर दूसरे वरीय ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम. और ग्रैंडमास्टर कार्तिकेयन मुरली का मुकाबला ड्रॉ रहा। तीसरे बोर्ड पर ग्रैंडमास्टर पा. इनियन और ग्रैंडमास्टर एस.एल. नारायणन ने भी अंक बांटे। इन नतीजों के बाद प्रणेश, कार्तिकेयन और नारायणन 4-4 अंकों पर हैं और मेंडोंसा से आधा अंक पीछे हैं।

शीर्ष वरीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। चौथे बोर्ड पर ग्रैंडमास्टर अलीशेर सुलेमेनोव ने उन्हें ड्रॉ पर रोक दिया। यह अरविंद का लगातार तीसरा ड्रॉ है। अब वे 3.5 अंकों के साथ बढ़त से एक अंक पीछे हैं। पांचवें बोर्ड पर ग्रैंडमास्टर मयंक चक्रवर्ती और ग्रैंडमास्टर जी.बी. हर्षवर्धन की बाजी ड्रॉ रही। छठे बोर्ड पर ग्रैंडमास्टर मामिकोन घरिब्यान और ग्रैंडमास्टर इलमपर्थी ए.आर. ने भी अंक बांटे।

पांच राउंड के बाद कई खिलाड़ी 3.5 अंकों पर हैं। इनमें अरविंद चिदंबरम, सैमवेल टेर-सहक्यान, पा. इनियन, अलीशेर सुलेमेनोव, मयंक चक्रवर्ती, जी.बी. हर्षवर्धन, मामिकोन घरिब्यान और इलमपर्थी ए.आर. शामिल हैं। नौ राउंड के इस टूर्नामेंट में अभी चार राउंड बाकी हैं और खिताब की दौड़ पूरी तरह खुली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News